Jaunpur News: आंधी ने बरपाया कहर, दिन में छाया अंधेरा
सैकड़ों पेड़, बिजली के खम्भे टूट कर गिरे, छज्जे हवा में उड़े
ओलावृष्टि व झमाझम बारिश से भीषण गर्मी से मिली राहत
नया सवेरा नेटवर्क
जौनपुर। जनपद में बुधवार को अचानक मौसम ने करवट ले ली। दोपहर बाद धूलभरी आंधी-तूफान के साथ आसमान में काले बादल छा गए, जिससे दिन में ही पूरी तरह अंधेरा छा गया। तेज आंधी तूफ़ान के चलते सैकड़ों पेड़ और बिजली के खम्भे टूटकर गिर गये। छज्जे हवा में उड़ गए। विद्युत आपूर्ति ठप्प हो गई। ओलंदगंज में जेपी होटल के ऊपर लगा टावर टूटकर गिर गया। संयोग रहा कि किसी को चोट नहीं आई। मतापुर में खड़ी कार के ऊपर विशालकाय पेड़ गिर पड़ा।
वाजिदपुर तिराहे के समीप खड़ी कार उड़कर नाले में जा गिरी। इसी दौरान तेज बिजली की चमक और बादलों की गड़गड़ाहट के साथ करीब एक घंटे तक झमाझम बारिश होती रही। बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को भीषण गर्मी व लू से काफी राहत मिली मगर कई मोहल्लों में पानी भरने से सामान्य जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। पिछले करीब एक पखवाड़े से अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ था, जिससे जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो रहा था।
यह भी पढ़ें | Jaunpur News: बिजली के खंभे से टकराकर युवक की दर्दनाक मौत
अचानक हुए इस मौसम परिवर्तन से लोगों ने गर्मी से राहत महसूस की, हालांकि बारिश के बाद उमस बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। अचानक बदले मौसम का असर फसलों और स्थानीय कारोबार पर भी पड़ने की आशंका है। तेज आंधी के चलते आम के फल को काफी नुकसान पहुंचा। वहीं, ईंट भट्ठों पर रखी कच्ची ईंटों के भीगने से नुकसान होने की संभावना जताई जा रही है। मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों तक मौसम के इसी तरह बने रहने का अलर्ट जारी किया है।
| विज्ञापन |

