Bihar News: कलवार इंटीग्रेटेड एसोसिएशन का दो दिवसीय ‘स्थापना सह सम्मान समारोह’ भव्य रूप में संपन्न
समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले व्यक्तियों को किया गया सम्मानित
नया सवेरा नेटवर्क
बिहार। बीते रविवार को पूर्वी चंपारण स्थित हरसिद्धि के ‘चंपारण बैंक्वेट एंड रिसॉर्ट’ में 'कलवार इंटीग्रेटेड एसोसिएशन' द्वारा आयोजित दो दिवसीय ‘स्थापना सह सम्मान समारोह’ का समापन समारोह भव्य रूप में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक कुमार चौधरी ने की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद, विधायक हेमनारायण प्रसाद, पूर्व विधायक पवन जायसवाल, जिला परिषद के पूर्व अध्यक्ष व संस्था के संरक्षक राजेंद्र प्रसाद गुप्ता उपस्थित थे। अतिथियों का स्वागत राकेश कुमार गुप्ता एवं रंजीता गुप्ता ने और कार्यक्रम का संचालन डॉ. राजेश रौशन, सरोज जायसवाल एवं विशाल गप्पु ने किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। कार्यक्रम में पूरे प्रदेश में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया गया जिनमें रक्सौल से छात्र छात्राओं की उच्च शिक्षा और कैरियर मार्गदर्शन प्रदान करने हेतु शिक्षाविद डॉ. (प्रो.) स्वयंभू शलभ, डाटा साइंस के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए इंजीनियर सौरभ शलभ, अवकाश प्राप्त प्रोफेसर सत्यदेव सुमन, यूएक्स डिजाइनिंग के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए आर्किटेक्ट रितु रानी, सामाजिक क्षेत्र में सुनीता गुप्ता तथा व्यवसायिक क्षेत्र में दिनेश प्रसाद एवं देशबंधु कुमार को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि पूर्व उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने कहा कि समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली विभूतियों को सम्मानित करना मेरे लिए गर्व का क्षण है। इस कार्यक्रम में सामाजिक एकजुटता और मातृशक्ति की सक्रिय भागीदारी समाज के लिए एक शुभ संकेत है। पूर्व विधायक पवन जायसवाल ने कहा कि पद का नहीं बल्कि कद का महत्व होता है। पद रहे या न रहे व्यक्ति का कार्य ऐसा होना चाहिए कि कद हमेशा ऊंचा रहे। विधायक हेमनारायण प्रसाद ने युवाओं को राजनीति में भागीदारी के लिए प्रेरित किया ताकि समाज सशक्त बने।कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन एसोसिएशन के संरक्षक राजेंद्र प्रसाद गुप्ता ने किया।
यह भी पढ़ें | Jaunpur News: अग्निशमन स्मृति दिवस पर शहीद जवानों को दी गई श्रद्धांजलि, सुरक्षा सप्ताह का शुभारंभ
| विज्ञापन |


