BREAKING

Jaunpur News: फरियादी को तत्काल उपलब्ध कराई संशोधित खतौनी

सम्पूर्ण समाधान दिवस पर अधिकारियों ने सुनी पीड़ितों की फरियाद

नया सवेरा नेटवर्क

जौनपुर। जिलाधिकारी डॉ दिनेश चंद की अध्यक्षता तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह की उपस्थिति में तहसील मडियाहूं में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी ने फरियादियों की शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना। प्रार्थना पत्र संबंधित अधिकारियों को  अग्रसारित करते हुए समय से गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई के निर्देश दिए। मंगला सिंह निवासी छीतम सराय, रामनगर, मड़ियाहूं द्वारा प्रार्थना पत्र के माध्यम से अवगत कराया गया कि आधार में उनका नंबर मंगला सिंह दर्ज है जबकि खतौनी में उनका नाम मंगला प्रसाद दर्ज है। नाम मिसमैच होने के कारण उनका फार्मर रजिस्ट्री आईडी नहीं बन पा रहा है। जिलाधिकारी ने तत्काल तहसीलदार को खतौनी में नाम संशोधित कराने के निर्देश दिए। जिसके क्रम में जिलाधिकारी द्वारा मात्र 15 मिनट के भीतर संशोधित खतौनी मंगला सिंह को प्रदान कर दी गई। राजमणि पटेल निवासी अहिरौली शीतलगंज मड़ियाहूं ने प्रार्थना पत्र दिया कि वह अहिरौली के निवासी हैं जबकि उनके खतौनी में रिकेरीपुर के रूप में गलत पता दर्ज हो गया है जिस पर जिलाधिकारी ने तहसीलदार को तत्काल खतौनी संशोधन कराने के निर्देश दिए और उन्हें भी खतौनी उपलब्ध करा दी गई।

चंद्र प्रकाश सिंह निवासी गनापुर मडियाहूं ने अवैध कब्जे के संबंध में शिकायती प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया गया जिस पर जिलाधिकारी द्वारा खंड विकास अधिकारी मड़ियाहूं को स्थलीय निरीक्षण कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। कमलेश दुबे निवासी बारीगांव बरसठी ने अवगत कराया कि उनका विद्युत कनेक्शन मड़ियाहूं फीडर के अंतर्गत कर दिया गया है जबकि यह बरसठी फीडर के अंतर्गत आता है। इसको सुधरवाने के लिए परेशान है जिलाधिकारी ने अधीक्षण अभियंता को तत्काल जांच कर समस्या के निस्तारण के निर्देश दिए। रामलखन निवासी जमुआ सिकरारा ने अवगत कराया कि उनका किसान सम्मान निधि विगत 2 वर्ष से नहीं मिल रहा है। जिलाधिकारी ने उपनिदेशक कृषि को जांच करने के निर्देश दिए। अखिलेश उपाध्याय निवासी रामपुर ने अवगत कराया कि प्रार्थी के घर पर जाने का एकमात्र रास्ता है रास्ते में कुछ लोगों द्वारा बांस बल्ली लगाकर रास्ता बंद कर दिया गया है। जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी,  क्षेत्राधिकारी तथा राजस्व और पुलिस की टीम को समन्वय करते हुए स्थलीय निरीक्षण के साथ जांच करने के निर्देश दिए। 

यह भी पढ़ें | Jaunpur News: कराटे चैंपियनशिप में शैलजा ने जीता रजत पदक

 जिलाधिकारी ने अपने राजकीय आवास पर ऑर्गेनिक तरीके से उगाए गए टमाटर को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी और कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय की शिक्षिकाओं को प्रदान किया। कहा कि इसका उपयोग विद्यालय के मेस में भोजन पकाने में किया जाए।

 संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 138 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए जिसमें 12 का मौके पर निस्तारण किया गया। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी मड़ियाहूं नवीन कुमार, तहसीलदार राकेश कुमार, क्षेत्राधिकारी तथा अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। इसी क्रम में अन्य तहसीलों में भी संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया तथा लोगों की समस्याओं को सुनते हुए समय से गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु निर्देशित किया गया।


Admission Open 2026-27  Nehru Balodyan Sr. Secondary School  Kanhaipur, Jaunpur  Contact 9415234111, 9415349820, 94500889210
विज्ञापन


OPD Start : अशोक हॉस्पिटल महरुपुर वाराणसी-जौनपुर रोड जफराबाद जौनपुर | Emergency Contact : 7565955001, 7575955002
विज्ञापन



नया सबेरा का चैनल JOIN करें