Jaunpur News: आंगनबाड़ी सहायिका भर्ती पर सवाल, ‘सेवा-सत्कार’ न करने पर चयन रद्द करने का आरोप
नया सवेरा नेटवर्क
जौनपुर। जनपद के सिकरारा विकासखंड अंतर्गत एक ग्राम सभा में आंगनबाड़ी सहायिका भर्ती प्रक्रिया को लेकर गंभीर आरोप सामने आया है। एक अभ्यर्थी ने चयन समिति पर अनियमितता और पक्षपात का आरोप लगाया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सिकरारा विकासखंड अंतर्गत एक गाँव की निवासी वंदना यादव ने सहायिका पद के लिए आवेदन किया था। आरोप है कि 27 फरवरी 2026 को उनके सभी प्रमाण पत्रों का सत्यापन किया गया और उन्हें 7 अप्रैल 2026 को नियुक्ति पत्र लेने के लिए बुलाया गया था। अभ्यर्थी का आरोप है कि निर्धारित तिथि पर उपस्थित होने के बावजूद उन्हें यह कहकर वापस भेज दिया गया कि उन्होंने “सेवा-सत्कार” नहीं किया है। साथ ही यह भी बताया गया कि उनके स्थान पर दूसरे अभ्यर्थी का चयन कर लिया गया है।
यह भी पढ़ें | Jaunpur News: ईट पत्थर चलाते फायरिंग करते दो भैंस लाद ले गए पिकअप सवार चोर
पीड़ित अभ्यर्थी का कहना है कि जब उन्होंने इस पर आपत्ति जताई, तो अधिकारियों ने कथित रूप से इसे “भूलवश बुलाया जाना” बताया। इस पूरे घटनाक्रम से अभ्यर्थी खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही हैं और उन्होंने जिला प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है। मामले के सामने आने के बाद भर्ती प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, इस संबंध में अभी तक संबंधित विभाग या अधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। प्रशासन से अपेक्षा की जा रही है कि वह मामले की गंभीरता को देखते हुए जल्द जांच कराएगा।
![]() |
| विज्ञापन |

