Jaunpur News: पोखरे में डूबने से अधेड़ की मौत
नया सवेरा नेटवर्क
जौनपुर। गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के भदेवरा गांव में सोमवार को पोखरे में भैंस का बच्चा नहलाने गए अधेड़ की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। जानकारी के अनुसार गांव निवासी 50 वर्षीय संजय यादव पुत्र स्वर्गीय केदार यादव दोपहर के समय अपनी भैंस के बच्चे को नहलाने के लिए गांव के ही समीप स्थित पोखरे पर गए थे। बताया जा रहा है कि बच्चा गहरे पानी की ओर चला गया, जिसे बचाने या पकड़ने के प्रयास में संजय यादव का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में समा गए। पास ही खेल रहे कुछ बच्चों की नजर जब पानी में डूब रहे संजय पर पड़ी तो उन्होंने शोर मचाना शुरू किया। बच्चों की आवाज सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण तुरंत मौके पर दौड़े। मगर जब तक ग्रामीण वहां पहुंचते और बचाव कार्य शुरू करते संजय यादव गहरे पानी में समा चुके थे। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने जाल डालकर उन्हें बाहर निकाला लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
यह भी पढ़ें | Jaunpur News: पत्रकार अजीम सिद्दीकी की मां का निधन

