Jaunpur News: ग्रामीण अंचलों में श्रद्धा और उल्लास के साथ मना हनुमान जन्मोत्सव, गूंजे भजन-कीर्तन
चेतन सिंह @ नया सवेरा
बरसठी, जौनपुर। ग्रामीण अंचलों में गुरुवार को हनुमान जन्मोत्सव आस्था, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही। दिनभर पूजा-अर्चना, सुंदरकांड पाठ, अखंड रामायण व भजन-कीर्तन का क्रम चलता रहा, जिससे वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना रहा।
बरसठी क्षेत्र के खुआवा गांव स्थित श्री संकट मोचन हनुमान मंदिर पर युवाओं ने ढोल-हारमोनियम की धुन पर सुंदरकांड का सामूहिक पाठ किया। छोटे-छोटे बच्चों की सहभागिता ने आयोजन को और आकर्षक बना दिया। अंत मे प्रदीप सिंह द्वारा प्रसाद वितरण किया गया। वहीं बघनरी गांव में सीमांत सिंह के नेतृत्व में पुनर्निर्मित हनुमान मंदिर पर भजन-कीर्तन का आयोजन हुआ, जहां देर शाम तक श्रद्धालु भक्ति में लीन रहे।बबूरीगांव के हनुमान मंदिर पर अखंड रामायण पाठ जारी है, जिसमें ग्रामसभा के लोग बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। गोहका गांव में हनुमान मंदिर चेरिटेबल ट्रस्ट के तत्वावधान में दो दिवसीय अनुष्ठान का भव्य आयोजन किया गया। वहीं बारीगांव बाजार में हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर बड़े हर्षोल्लास के साथ शोभा यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु व सम्मानित वरिष्ठजन शामिल रहे। श्री राधाकृष्ण मंदिर, सराय विक्रम (सुखलालगंज) गांव में हनुमान चालीसा पाठ के उपरांत भूमि विकास बैंक के चेयरमैन डॉ. अजय कुमार सिंह द्वारा “कपिध्वज” स्थापित कर विधिवत आरती की गई। इसी क्रम में क्षेत्र के अधिकांश ग्राम पंचायतों, मंदिरों और घरों में भी हनुमान जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। “बल, बुद्धि, विद्या देहु मोहि, हरहु कलेश विकार” के जयघोष के बीच श्रद्धालुओं ने व्रत रखकर कलयुग के जागृत देव श्री हनुमान जी महाराज से बल, बुद्धि और विद्या की कामना की। उधर, सोशल मीडिया पर भी पर्व की छटा देखने को मिली लोगों ने हनुमान जी की तस्वीरें, रिल्स साझा करते हुए एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं और धार्मिक संदेशों के माध्यम से भक्ति का वातावरण बनाए रखा।
यह भी पढ़ें | Jaunpur News: डीएम से प्रो. सत्यप्रकाश एवं प्रो. अजय दुबे ने शिष्टाचार की भेंट
| विज्ञापन |
