Jaunpur News: होमगार्ड भर्ती परीक्षा केंद्रों का डीएम ने किया निरीक्षण
नया सवेरा नेटवर्क
जौनपुर। जिलाधिकारी डॉ0 दिनेश चंद्र द्वारा उत्तर प्रदेश होमगार्ड भर्ती परीक्षा 2025 की लिखित परीक्षा को सकुशल, नकलविहीन एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराए जाने के दृष्टिगत जनपद के टी.डी. इंटर कॉलेज एवं टी.डी. विधि महाविद्यालय सहित अन्य परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, सी.सी.टी.वी कैमरों की सतत निगरानी एवं उनकी क्रियाशीलता का गहनता से परीक्षण किया। इसके साथ ही गर्मी के दृष्टिगत परीक्षार्थियों के लिए शीतल एवं स्वच्छ पेयजल की समुचित व्यवस्था के संबंध में भी जानकारी ली।
यह भी पढ़ें | Jaunpur News: जनपद में बड़ी प्रशासनिक उपलब्धि: गांवों में कई दशकों से लंबित चकबंदी प्रक्रिया हुई पूर्ण
जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में यह परीक्षा कुल 19 केंद्रों पर सुव्यवस्थित ढंग से संचालित की जा रही है। परीक्षार्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा की निष्पक्षता एवं पारदर्शिता बनाए रखने में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। इस अवसर पर अतिरिक्त उप जिलाधिकारी अजय उपाध्याय, उप जिलाधिकारी न्यायिक शाहगंज रानी गरिमा जायसवाल सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।
