Jaunpur News: साढ़े तीन दशक के सुनहरे सफर का समापन: विदाई समारोह में छलकीं यादें
प्रबंधक ने गजराज सिंह की कुशल कार्यक्षमता और अनुशासन को सराहा
सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य बोले- 'सरकारी सेवा से मुक्त हुआ हूं, कर्मक्षेत्र से नहीं
नया सवेरा नेटवर्क
चंदवक, जौनपुर। आदर्श इंटर कालेज रेहारी के प्रांगण में मंगलवार को एक गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य गजराज सिंह की सेवानिवृत्ति पर आयोजित इस कार्यक्रम में वक्ताओं ने उनके व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डाला। साढ़े तीन दशक तक विद्यालय को अपनी सेवा देने वाले श्री सिंह के अनुशासन और शैक्षिक सुधारों की हर किसी ने मुक्त कंठ से प्रशंसा की। समारोह को संबोधित करते हुए प्रबंधक वीरेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि गजराज सिंह के कुशल नेतृत्व में कालेज ने अनुशासन और शिक्षा के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने शिक्षकों के साथ सामंजस्य बिठाकर जो बेहतर वातावरण तैयार किया, उसके लिए प्रबंध समिति सदैव उनकी आभारी रहेगी। प्रबंध समिति के सदस्य डॉ. उमा शंकर सिंह ने काव्य पाठ के जरिए शिक्षकों को उनके कर्तव्यों का बोध कराया और निवर्तमान प्रधानाचार्य के कार्यकाल को विद्यालय के लिए मील का पत्थर बताया।
यह भी पढ़ें | Jaunpur News: मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना 2026 पर डीएम की बैठक सम्पन्न
विद्यालय के शिक्षक विपिन कुमार चौरसिया और अंजनी कुमार ने प्रधानाचार्य के मार्गदर्शन को याद करते हुए कहा कि उनके संरक्षण में बहुत कुछ सीखने को मिला। सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य गजराज सिंह ने भावुक स्वर में कहा, "मैं सरकारी व्यवस्था से आज मुक्त हो रहा हूं, लेकिन मेरा कर्मक्षेत्र यह विद्यालय ही रहेगा। जीवन का एक लंबा हिस्सा इन चारदीवारों के बीच बीता है, मैं इस संस्थान का सदैव ऋणी रहूंगा।
नए प्रधानाचार्य अवधेश कुमार ने सभी अतिथियों का आभार जताते हुए संकल्प लिया कि वह निवर्तमान प्रधानाचार्य के पदचिह्नों पर चलते हुए विद्यालय की गरिमा को बरकरार रखेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सेवानिवृत्त शिक्षक जनार्दन सिंह व संचालन श्याम नारायण पटेल ने किया। इस अवसर पर उप प्रबंधक राम नारायण सिंह, उदयभान सिंह, शंकर राम, जटा शंकर मिश्र, विपिन विहारी सिंह आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
| विज्ञापन |
