Jaunpur News: समानता, न्याय एवं बंधुत्व के प्रतीक है डॉ अंबेडकर
बाबा साहेब की जयंती पर पूर्वांचल विश्वविद्यालय में कार्यक्रम का आयोजन
नया सवेरा नेटवर्क
जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में भारत रत्न बाबा साहब डॉ भीमराव आंबेडकर की जयंती के अवसर पर मंगलवार को विश्वविद्यालय परिसर स्थित उनकी प्रतिमा पर कुलपति प्रो वंदना सिंह ने माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कुलपति प्रो वंदना सिंह ने कहा कि बाबा साहब डॉ भीमराव आंबेडकर केवल भारतीय संविधान के शिल्पकार ही नहीं थे, बल्कि वे महान समाज सुधारक, विधिवेत्ता, अर्थशास्त्री और दूरदर्शी चिंतक भी थे। उन्होंने अपने जीवन के संघर्षों के माध्यम से शिक्षा को सामाजिक परिवर्तन का सबसे प्रभावी माध्यम बताया। प्रो. सिंह ने कहा कि बाबा साहब का पूरा जीवन समानता, न्याय और बंधुत्व के सिद्धांतों को स्थापित करने के लिए समर्पित रहा।
डॉ आंबेडकर ने समाज के वंचित एवं कमजोर वर्गों को मुख्यधारा में लाने के लिए शिक्षा, संगठन और संघर्ष का मंत्र दिया। उनका मानना था कि जब तक समाज में शिक्षा का प्रसार नहीं होगा, तब तक वास्तविक सामाजिक परिवर्तन संभव नहीं है। कुलपति ने कहा कि आज के युवाओं के लिए बाबा साहब का जीवन प्रेरणा का स्रोत है और उनके विचारों को आत्मसात कर ही एक समतामूलक एवं विकसित भारत का निर्माण किया जा सकता है। उन्होंने आगे कहा कि विश्वविद्यालय केवल डिग्री देने का केंद्र नहीं, बल्कि सामाजिक चेतना और मानवीय मूल्यों को विकसित करने का भी माध्यम है। उन्होंने छात्रों से आह्वान किया कि वे बाबा साहब के आदर्शों को अपनाते हुए संविधान में निहित मूल्यों न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व को अपने जीवन में उतारें तथा समाज के सर्वांगीण विकास में योगदान दें।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय परिसर में पूर्व दिवस आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को कुलपति द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो प्रमोद कुमार यादव, कुलसचिव केशलाल, परीक्षा नियंत्रक डॉ विनोद कुमार सिंह, उपकुलसचिव अजीत सिंह, प्रो अविनाश पार्थडिकर, प्रो रजनीश भास्कर, प्रो संतोष कुमार, प्रो गिरिधर मिश्र, प्रो मिथिलेश सिंह, प्रो प्रमोद कुमार, डॉ नितेश जायसवाल सहित विश्वविद्यालय के शिक्षकगण, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें | Jaunpur News: पत्रकार को पितृ शोक आर्य समाज ने कराया शांति यज्ञ
| विज्ञापन |
![]() |
| विज्ञापन |

