Jaunpur News: मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र महराजगंज का किया निरीक्षण
नया सवेरा नेटवर्क
जौनपुर। मुख्य चिकित्सा अधिकारी जौनपुर द्वारा 17 अप्रैल 2026 को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र महराजगंज का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में चिकित्सा इकाई महराजगंज पर कार्यरत 5 कर्मचारी अनुपस्थित पाये गये जिनके वेतन बाधित करने के निर्देश सी0एम0ओ0 द्वारा दिया गया। साथ ही चिकित्सा अधीक्षक को निर्देशित किया गया कि यदि कोई भी कर्मचारी बिना अनुमति के अनुपस्थित पाया जाता है तो समस्त उत्तरदायित्व चिकित्सा अधीक्षक को जिम्मेदार मानते हुए कार्यवाही की जायेगी। सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पर साफ-सफाई में कमी पाई गयी जिस पर चिकित्सा अधीक्षक सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र महराजगंज को चेतावनी के साथ साफ-सफाई कराते हुए फोटो भेजने के निर्देश दिये गये। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने चिकित्सा अधीक्षक को निर्देशित किया कि हीटवेव से ग्रसित रोगियों के लिए एक इमरजेंसी वार्ड तैयार करें जिसमें कूलर एवं शीतल स्वच्छ पेय जल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाये। चिकित्सा इकाई महराजगंज पर समस्त औषधियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु इकाई पर कार्यरत फार्मासिस्ट कों निर्देशित किया गया कि आवश्यकतानुसार डी0वी0डी0एम0एस0 पोर्टल से औषधियों का इंडेण्ट स्वंय करते हुए शत-प्रतिशत औषधियों की उपलब्धता सुनिश्चित करायें। यदि चिकित्सा इकाई पर औषधियों की उपलब्धता मानक के अनुरूप नहीं पाई जाती है तो फार्मासिस्ट के विरूद्ध कार्यवाही सुनिश्चित की जायेगी।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने चिकित्सा अधीक्षक को निर्देशित किया कि संचारी एवं दस्तक अभियान के मध्य निर्धारित गतिविधियों का क्रियान्वयन/संचालन सम्बन्धित विभाग से समन्वय स्थापित करते हुए सुनिश्चित करायें इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता नहीं बरती जाय। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने आर0बी0एस0के0 की टीम को निर्देशित किया कि टूर प्लान के अनुसार स्कूलों एवं आगनवाड़ी केन्द्रों का भ्रमण कर समस्त बच्चों का शासन द्वारा निर्धारित स्वास्थ्य जांच करते हुए 4-डी में चिन्हित बच्चों का चिकित्सीय उपचार शत-प्रतिशत सुनिश्चित करायें। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने प्रसव कक्ष में तैनात स्टाफ नर्स/ए0एन0एम0 को निर्देशित किया कि लेबर रूम की साफ-सफाई, प्रसव कक्ष से सम्बन्धित समस्त आई0ई0सी0 को डिस्पले करने तथा चिकित्सा इकाई पर प्रसव की सेवाओं में सुधार लाते हुए प्रसव की संख्या को बढ़ाने के निर्देश दिये गये। बी0पी0एच0यू0 में संचालित लैब में मानक के अनुरूप समस्त निःशुल्क जांच सुनिश्चित कराने हेतु चिकित्सा अधीक्षक को निर्देशित किया गया साथ ही पी0ओ0सी0टी0 को भी निर्देशित किया गया कि समस्त जांच सुनिश्चित करायें, किसी भी प्रकार की कमी पाए जाने पर कड़ी कार्यवाही की चेतावनी दी गई। औचक निरीक्षण में मुख्य चिकित्सा अधिकारी के साथ अपर मुख्य चिकित्स अधिकारी डा0 बी0सी0 पन्त, जिला कार्यक्रम प्रबन्धक, एन0एच0एम0 भी उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें | Jaunpur News: अज्ञात कारण से लगी आग, 3 मड़हा राख
![]() |
| विज्ञापन |
![]() |
| विज्ञापन |

