Jaunpur News: एकाएक मौसम बिगड़ा, गरज-चमक के साथ बिन मौसम रिमझिम वर्षा
चेतन सिंह @ नया सवेरा नेटवर्क
बरसठी, जौनपुर। स्थानीय क्षेत्र सहित आसपास के इलाकों में शुक्रवार की सुबह अचानक मौसम ने करवट ले ली।आसमान में काले बादल छा गए और गरज-चमक के साथ रिमझिम बारिश शुरू हो गई। रुक-रुक कर हो रही इस वर्षा से जहां एक ओर मौसम सुहावना और ठंडा हो गया, वहीं दूसरी ओर किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें साफ नजर आने लगी हैं।
बेमौसम बारिश ने खासकर उन किसानों की परेशानी बढ़ा दी है, जिनकी चना, मटर और सरसों की फसल इस समय कटाई के दौर में है। कई किसानों ने फसल काटकर खेत में ही मड़ाई के लिए इकट्ठा कर रखा था, लेकिन अचानक हुई बारिश से फसल भीग कर खराब होने का खतरा बढ़ गया है। इससे उत्पादन और गुणवत्ता दोनों पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है। रुक-रुक कर हो रही हल्की रिमझिम बारिश उनकी मेहनत पर पानी फेरती नजर आ रही है।
वहीं, मौसम के इस बदलाव से आम जनजीवन पर भी असर पड़ा है। सुबह के समय ठंडी हवाएं चलने लगीं, जिससे लोगों को हल्की ठंड का एहसास हुआ। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले 24 घंटे तक बादल जमकर बरस सकते हैं। पहाड़ी क्षेत्रों में पिछले कई दिनों से हो रही भारी बर्फबारी के चलते मैदानी इलाकों के मौसम में यह बदलाव देखा जा रहा है। इसी के साथ मौसम विभाग ने प्रदेश के 27 जिलों में ओलावृष्टि की भविष्यवाणी की है। जिससे तापमान में और गिरावट दर्ज की जाएगी। ऐसे में आने वाले कुछ दिनों तक लोगों को गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं, लेकिन किसानों के लिए यह मौसम फिलहाल चिंता का कारण बना हुआ है।
यह भी पढ़ें | Jaunpur News: शौच करते समय आकाशीय बिजली गिरने से नवयुवक की मौत
![]() |
| विज्ञापन |
| विज्ञापन |
