Jaunpur News: देशी शराब का ठीका प्रस्तावित होने से लोगों में आक्रोश, सड़क पर उतरे ग्रामीण
नया सवेरा नेटवर्क
खेतासराय, जौनपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के मानेछा गांव के फुरफुरी नगर में प्रस्तावित देसी शराब के दुकान को लेकर सोमवार सुबह ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला। ठेका खुलने की सूचना मिलते ही गांव के सैकड़ों लोग सड़क पर उतर आए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। विरोध में महिला, बुजुर्ग और बच्चे भी शामिल रहे। ग्रामीणों ने शाहगंज-जौनपुर मुख्य मार्ग पर पहुंचकर सरकार द्वारा प्रस्तावित शराब के ठीके का विरोध किया।
ग्रामीणों का कहना है कि यह क्षेत्र घनी आबादी वाला है और इसी रास्ते से बच्चे बच्चियां स्कूल कालेज आना जाना है यहां शराब का ठेका खुलने से सामाजिक माहौल खराब होगा। गांव के प्रधान पति सेराजअहमद ने कहा कि यह काफी आबादी वाला इलाका है। यहां शराब का ठेका खुलने से लोगों को कई समस्याओं का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने बताया कि इस संबंध में शासन प्रशासन से शिकायत की जाएगी।
ग्रामीण अच्छे लाल बिंद ने कहा कि पहले कभी यहां शराब का ठेका नहीं था और गांव के बीच में इसे नहीं खोला जाना चाहिए। अगर ठेका खोलना ही है तो इसे गांव से दूर किसी खाली स्थान पर खोला जाए। वहीं गांव की महिला सरोजा ने कहा कि शाम के समय लोग यहीं शराब पीकर गाली-गलौज करेंगे और घर जाकर झगड़ा-मारपीट करेंगे, जिससे बहन-बेटियों की सुरक्षा पर भी असर पड़ेगा। दूसरी महिला मनोरमा ने बताया कि प्रस्तावित स्थान के पास स्कूल और मंदिर भी है, जिससे बच्चों पर गलत प्रभाव पड़ सकता है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को समझाकर मामला शांत कराया।
यह भी पढ़ें | Jaunpur News: प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के तहत 90 हजार लाभार्थियों को मिली प्रथम किस्त
![]() |
| विज्ञापन |




