Hyderabad News: राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक में कर्मचारी पुरस्कृत
नया सवेरा नेटवर्क
हैदराबाद। दक्षिण मध्य रेलवे के मुख्यालय में मंगलवार को मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं प्रधान मुख्य सामग्री प्रबंधक, दक्षिण मध्य रेलवे ,राजेश पी.खाडे की अध्यक्षता में मुख्यालय राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में मुख्यालय के सभी विभागों तथा इसके अंतर्गत आने वाले यूनिटों के राजभाषा संपर्क अधिकारी तथा विभागों में राजभाषा कार्यान्वयन संबंधी कार्य करनेवालेकर्मचारी उपस्थित थे। मुख्य राजभाषा अधिकारी ने कहा कि संसदीय राजभाषा समिति द्वारा निकट भविष्य में महाप्रबंधक कार्यालय का निरीक्षण किए जाने की संभावना है।
यह भी पढ़ें | Jaunpur News: एआई का जिम्मेदार उपयोग जरूरी: सेफर इंटरनेट डे पर विशेषज्ञों का संदेश
उन्होंने कहा कि संसदीय राजभाषा समिति के निरीक्षणों को ध्यान में रखते हुए सभी अधिकारी/कर्मचारी काम करें। इस वर्ष इस रेलवे के मुख्यालय को रेल मंत्री राजभाषा शील्ड का प्रथम पुरस्कार प्राप्त होने पर उन्होंने सभी अधिकारियों/ कर्मचारियों को बधाई दी। बैठक के आरंभ में वरिष्ठ राजभाषा अधिकारी/प्र.का. एम.के.नागराजु ने अध्यक्ष तथा सभी सदस्यों का स्वागत किया और बताया कि मुख्यालय के विभागों में राजभाषा कार्यान्वयन संबंधी कार्य करनेवाले अधिकारियों तथा कर्मचारियों को उनके कार्य की सराहना में पुरस्कृत किया जाएगा। डॉ.श्याम सुंदर साहु, उप महाप्रबंधक (राजभाषा) ने राजभाषा कार्यान्वयन संबंधी विभिन्न मदों पर विस्तार से चर्चा की और सभी सदस्यों से अनुरोध किया कि वे अपने-अपने विभागों में राजभाषा मदों का अनुपालन सुनिश्चित करें। इस बैठक के दौरान मुख्यालय के विभिन्न विभागों में राजभाषा कार्यान्वयन संबंधी कार्य करनेवाले अधिकारियों तथा कर्मचारियों को पुरस्कार प्रदान किए गए।




