Jaunpur News: डीएम ने मड़ियाहूं तहसील का किया निरीक्षण
नया सवेरा नेटवर्क
मड़ियाहूं, जौनपुर। जिलाधिकारी डॉ. दिनेश सिंह ने सोमवार को मड़ियाहूं तहसील का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने रिकॉर्ड रूम, नायब तहसीलदार कक्ष, तहसीलदार न्यायालय, नायब तहसीलदार न्यायालय, रिकॉर्ड रूम, रजिस्ट्रार कानूनगो कार्यालय, आपूर्ति कार्यालय, संग्रह कार्यालय तथा कंप्यूटर कक्ष का गहन निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बताया कि निर्विवाद वरासत के मामलों में आवेदकों द्वारा की जा रही त्रुटियों के कारण कई प्रकरण निरस्त हो रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे दावे जो निर्विरोध श्रेणी में दाखिल किए गए हैं, उनके निरस्तीकरण से पूर्व तहसीलदार पूरी तरह संतुष्ट होकर ही निर्णय लें। इस संबंध में माननीय राजस्व परिषद के निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी एवं तहसीलदार को निर्देशित किया कि अब तक निरस्त किए गए सभी दावों की पुनः समीक्षा कर उनका गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए। उन्होंने बताया कि ई-परवाना अब सीधे ऑनलाइन जनरेट हो रहा है और उसका अमल दाखिल-खारिज व खतौनी में दर्ज किया जा रहा है। पुराने लंबित वादों पर भी जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि जिन प्रकरणों में आपत्तिकर्ता द्वारा केवल आपत्ति देने की बात लिखी गई है और मामला लंबित है, ऐसे वादों का शीघ्र निस्तारण किया जाए। निरीक्षण के उपरांत जिलाधिकारी ने बार पदाधिकारियों के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी नवीन कुमार, तहसीलदार राकेश कुमार, एसडीएम न्यायिक शिल्पा ऐरन, नायब तहसीलदार संदीप सिंह सहित राजस्व कर्मी उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें | Jaunpur News: सात दिवसीय विशेष शिविर का शुभारंभ
| विज्ञापन |
![]() |
| विज्ञापन |


