Jaunpur News: प्रेमिका के मंगेतर को फंसाने के लिए रची थी साजिश
एटीएस ने कोर्ट व पुलिस लाइन उड़ाने की धमकी देने वाले को आजमगढ़ से दबोचा
नया सवेरा नेटवर्क
जौनपुर। दीवानी न्यायालय एवं पुलिस लाइन को बम से उड़ाने की धमकी देने वाले को एटीएस ने गिरफ्तार कर लिया है। प्रेमिका की कहीं और शादी तय होने से नाराज होकर उसके मंगेतर को फंसाने के लिए उसने यह साजिश रची थी। एटीएस ने इसका खुलासा करते हुए आजमगढ़ से आरोपी विशाल रंजन को शिकंजे में ले लिया है।
एटीएस के अधिकारियों के मुताबिक विशाल ने वीपीएन का पेड वर्जन इस्तेमाल कर अपनी पहचान छिपाई और फर्जी ईमेल आईडी से जिला जज के ऑफिशियल ईमेल पर मैसेज भेजे। धमकी में यूपी के मुख्यमंत्री से 1 लाख रुपये मांगते हुए कहा गया कि पैसे न देने पर हमला होगा। पुलिस से बचने के लिए करता था वीपीएन का इस्तेमाल
एटीएस की ओर से बताया गया है कि आरोपी विशाल रंजन पुत्र हीरा लाल, निवासी बक्शपुर, थाना निजामाबाद, आजमगढ़ ने 17 फरवरी 2026 को 5 अलग-अलग ईमेल आईडी से धमकियां भेजीं थीं। उसने इंटरनेट पर वीपीएन और प्रॉक्सी का इस्तेमाल कर आईपी एड्रेस छिपाई। मेल में कुछ मोबाइल नंबरों का जिक्र कर मुख्यमंत्री से रुपये भेजने को कहा गया। मामला दर्ज होने के बाद यूपी एटीएस ने इलेक्ट्रॉनिक और फिजिकल जांच की, जिसमें आरोपी की सोशल मीडिया गतिविधियां वीपीएन और प्रॉक्सी का विश्लेषण किया गया।
यह भी पढ़ें | Jaunpur News: एसआईआर के माध्यम से दलित, पिछड़े को कमजोर करने की हो रही है साजिश: तूफानी
कई फर्जी फेसबुक आईडी और पांच मोबाइल बरामद
ट्रेस करने के बाद आरोपी के किराए के कमरे पर एटीएस ने छापा मारा जहां से 5 मोबाइल फोन, 1 लैपटॉप, 2 मेमोरी कार्ड, 4 सिम कार्ड और 21,092 रुपये कैश बरामद हुए। फोन जांच में 50 ईमेल आईडी (प्रोटॉन, जीमेल, आउटलुक) और 20 फेसबुक आईडी मिलीं। आरोपी ने सोशल मीडिया से महिलाओं की फोटो डाउनलोड कर अश्लील कंटेंट भी बनाया था। एटीएस को आरोपी के ड्राफ्ट मेल से आजमगढ़ रोडवेज को बम से उड़ाने की धमकी का मैसेज भी मिला है जिसे वह जल्द ही भेजने वाला था।
प्रेमिका की शादी कहीं और तय होने पर रची साजिश
पूछताछ में विशाल ने कबूला कि वह अपनी प्रेमिका से प्यार करता था, लेकिन उसकी शादी जौनपुर के एक लड़के से तय हो गई। इससे नाराज होकर उसने मंगेतर की फर्जी आईडी बनाकर आपत्तिजनक पोस्ट की। इसके बाद पंचायत हुई और विशाल को अपनी प्रेमिका के परिजन से माफी मांगनी पड़ी। इसके बाद विशाल ने बदला लेने के लिए उसने सोशल मीडिया से पंचायत में शामिल लोगों के नंबर निकाले। फर्जी ईमेल से उन लोगों के नाम से धमकियां भेजीं, ताकि पुलिस उन लोगों को गिरफ्तार करे। पर्याप्त सबूत मिलने पर एटीएस ने आरोपी को सिधारी थाना क्षेत्र के हड़हा बाबा नरौली से गिरफ्तार किया।
![]() |
| विज्ञापन |

