Jaunpur News: अज्ञात वाहन की टक्कर से ग्राम प्रधान की दर्दनाक मौत
दीपक विश्वकर्मा @ नया सवेरा
करंजाकला, जौनपुर। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के जासोपुर, पूर्वांचल विश्वविद्यालय के समीप सोमवार रात अज्ञात वाहन की टक्कर से ग्राम प्रधान रामजनम यादव (53) की मौत हो गई। हादसा रात करीब 11 बजे हुआ। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से घायल प्रधान को एम्बुलेंस से अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
करंजाकला ब्लॉक के खम्हौरा गांव निवासी रामजनम यादव वर्तमान में ग्राम प्रधान थे। सोमवार रात लगभग 10 बजे वह जौनपुर–शाहगंज मार्ग से मोटरसाइकिल द्वारा घर लौट रहे थे। पूर्वांचल विश्वविद्यालय के पास किसी तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
यह भी पढ़ें | Mumbai News: आयुश शर्मा ने विद्यालय खेल प्रतियोगिता में मारी बाजी
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। अस्पताल पहुंचने पर परिजन शव देखकर फफक पड़े। मृतक के दो पुत्र अरविंद (सोनू) और आनंद (मोनू) हैं तथा एक पुत्री वंदना है। थाना प्रभारी अमरेंद्र कुमार पांडेय ने बताया कि हादसा अज्ञात वाहन से टक्कर के कारण हुआ है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच की जा रही है।
ग्राम प्रधान के निधन पर बाजार बंद, पूरे क्षेत्र में शोक
ग्राम प्रधान रामजनम यादव के असामयिक निधन की खबर से सिद्धिकपुर और भकुरा मोड़ क्षेत्र में गहरा शोक फैल गया। मंगलवार सुबह दोनों बाजारों की दुकानें स्वेच्छा से बंद रहीं। लोगों ने शोक संवेदना व्यक्त की और बाजार में सन्नाटा छाया रहा।
दुकानदार महेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि प्रधान जी के निधन की सूचना मिलते ही सभी दुकानों को सुबह से बंद कर दिया गया था। शाम को धीरे-धीरे दुकानें खोली गईं।
ग्राम प्रधान के निधन से पूरे क्षेत्र में दुख और शोक की लहर है। लोग उन्हें उनकी सरलता, मिलनसार स्वभाव और जनसेवा के लिए याद कर रहे हैं।
| विज्ञापन |
| विज्ञापन |
