Jaunpur News: मैं शोले सिंह बोल रहा हूं... 50 लाख भेज दो... धमकी के बाद बंगाली डॉक्टर को मारी गई गोली
नया सवेरा नेटवर्क
जौनपुर। बक्शा थाना क्षेत्र के लखौवा बाजार में शनिवार की दोपहर करीब साढ़े 3 बजे बदमाशों ने एक डॉक्टर को गोली मारकर घायल कर दिया। आननफानन में घायल डॉक्टर को जिला अस्पताल लाया गया जहां उसका उपचार चल रहा है। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई और पुलिस जांच में जुट गई है। आपको बता दें कि कलकत्ता निवासी डॉक्टर बी.के. बंगाली पिछले लगभग 35 वर्षों से बख्शा थाना क्षेत्र के लखौवा बाजार में अपना क्लीनिक चलाते हैं। कुछ दिन पहले उनके व्हाट्सएप नंबर पर एक कॉल आई थी, जिसमें फोन करने वाले ने खुद को “शोले सिंह” बताते हुए 24 घंटे के अंदर 50 लाख रुपये की व्यवस्था करने की धमकी दी थी। रकम न देने पर गोली मारने की चेतावनी भी दी गई थी।
शनिवार की दोपहर करीब साढ़े 3 बजे धमकी के बाद एक बाइक पर सवार तीन नकाबपोश युवक दुकान के पास पहुंचे। आते ही उन्होंने डॉक्टर पर फायरिंग कर दी। गोली डॉक्टर के पैर के पंजे में लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। फायरिंग के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत डॉक्टर को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने उनका इलाज शुरू किया। डॉक्टर की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें | Jaunpur News: लापता युवक की मिली लाश, परिवार में कोहराम
| विज्ञापन |
| विज्ञापन |
