Jaunpur News: 6 से 13 फरवरी तक रोजगार सप्ताह आयोजित
नया सवेरा नेटवर्क
जौनपुर। कौशल विकास मिशन के अंतर्गत युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराए जाने के दृष्टिगत दिनांक 06 फरवरी से 13 फरवरी 2026 तक “रोजगार सप्ताह” आयोजित किए जाने के निर्देश शासन द्वारा प्रदान किए गए हैं। जिसके क्रम में जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र के निर्देशन में राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), जौनपुर में कौशल विकास विभाग, आईटीआई, सेवायोजन विभाग एवं जिला दिव्यांगजन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में रोजगार मेले का आयोजन किया गया। रोजगार मेले में 100 से अधिक अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया, जिनमें से चयनित 6 अभ्यर्थियों विकास, कालीचरन, सुमित शर्मा, आकांक्षा यादव, कार्तिक पाण्डेय एवं अंकिता मिश्रा शामिल हैं। उक्त अभ्यर्थियों का चयन टेलीकॉलिंग, कस्टमर सेल्स एसोसिएट तथा वी-मार्ट में वर्क फ्रॉम होम पदों के लिए किया गया है। जिलाधिकारी डॉ0 दिनेश चंद्र द्वारा जनसुनवाई कक्ष में चयनित अभ्यर्थियों को ऑफर लेटर प्रदान करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप युवाओं को स्थानीय स्तर पर अधिकाधिक रोजगार उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने विशेष रूप से दिव्यांग अभ्यर्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि दिव्यांगजन समाज की महत्वपूर्ण अंग हैं तथा उनकी प्रतिभा एवं क्षमता किसी से कम नहीं है। शासन द्वारा दिव्यांगजनों को मुख्यधारा से जोड़ने एवं उन्हें आत्मनिर्भर बनाने हेतु विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि रोजगार मेले जैसे आयोजनों के माध्यम से दिव्यांगजनों सहित सभी युवाओं को समान अवसर प्रदान किए जा रहे हैं, जिससे वे अपनी योग्यता के अनुसार रोजगार प्राप्त कर सम्मानपूर्वक जीवनयापन कर सकें। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को नियमित रूप से आयोजित करते हुए अधिक से अधिक युवाओं एवं दिव्यांगजनों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए। इस अवसर पर जिला दिव्यांजन सशक्तिकरण अधिकारी दिव्या शुक्ला, जिला सूचना अधिकारी मनोकामना राय, प्राचार्य आईटीआई, जिला सेवा योजना अधिकारी जयप्रकाश पासवान सहित अन्य उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें | Jaunpur News: 22 फरवरी को बृहद विधिक सहायता शिविर, 14 मार्च को राष्ट्रीय लोक अदालत


