Jaunpur News: सड़क किनारे मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, इलाके में दहशत का माहौल
दीपक विश्वकर्मा @ नया सवेरा
करंजाकला, जौनपुर। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के सिद्धिकपुर के पास बुधवार सुबह सड़क किनारे एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सुबह टहल रहे लोगों ने जब सड़क किनारे शव देखा तो इसकी जानकारी तुरंत पुलिस को दी। कुछ ही देर में पुलिस टीम मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में लेकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी।
यह भी पढ़ें | Jaunpur News: थानाध्यक्ष के कुशल मार्गदर्शन से नव वर्ष पूर्व जमीनी विवाद हुआ खत्म
थाना प्रभारी अमरेंद्र कुमार पांडेय ने बताया कि करीब 10 बजे सूचना मिली कि लुंबिनी–दुद्धी मार्ग पर एक व्यक्ति मृत अवस्था में पड़ा है। पुलिस ने मौके पर पहुँचकर देखा कि मृतक की उम्र लगभग 48 वर्ष है और उसने काले रंग का जैकेट तथा सिर पर टोपी पहन रखी है। प्रथम दृष्टया किसी तरह की चोट के निशान स्पष्ट नहीं मिले, लेकिन वास्तविक कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।
पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजते हुए इसकी पहचान के लिए एक विशेष टीम भी गठित कर दी है। आस-पास के थानों में भी सूचना भेजी गई है ताकि मृतक की शिनाख्त जल्द से जल्द हो सके। स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर दहशत व्याप्त है और लोग अलग-अलग चर्चाएँ कर रहे हैं। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।
![]() |
| विज्ञापन |
