Jaunpur News: खलीलपुर में वैवाहिक समारोह से लौट रहे युवक और महिला पर हमला, तीन नामजद के खिलाफ मुकदमा दर्ज
नया सवेरा नेटवर्क
करंजाकला, जौनपुर। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के खलीलपुर गांव में शुक्रवार देर रात वैवाहिक कार्यक्रम से लौट रहे एक युवक और महिला पर हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर पर तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें | Jaunpur News: सेवानिवृत्त सेना कर्मी की सड़क हादसे में मौत
जानकारी के अनुसार, जंगीपुर खुर्द निवासी अखिलेश की पत्नी पुष्पा (45)और उसका भतीजा विकास (18) खलीलपुर में एक रिश्तेदार के यहां विवाह समारोह में शामिल होने गए थे। रात करीब 11 बजे जब दोनों वापस लौट रहे थे, तभी रास्ते में कुछ लोगों से विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर खलीलपुर गांव के करीब चार युवकों ने दोनों पर हमला कर दिया, जिससे पुष्पा और विकास गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों के सिर में गंभीर चोटें आईं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को मेडिकल के लिए भेजा और पीड़ित पक्ष की तहरीर पर तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर दी है। थाना प्रभारी अमरेंद्र कुमार पांडेय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

