Jaunpur News: निकाली गई भव्य शिव बारात, धूमधाम से मनाया गया विवाह उत्सव
नया सवेरा नेटवर्क
जौनपुर। शहर क्षेत्र के मधारेटोला में चल रही श्रीमद्भागत कथा के तीसरे दिन तीर्थराज प्रयाग से आईं कथा वाचक निकेता त्रिपाठी ने महादेव व माता पार्वती के विवाह का वर्णन किया। कथा के उपरांत भव्य शिव बारात निकाली गई। बारात में शामिल आकर्षक झांकियां लोगों को सहज आकर्षित कर रही थीं। निकेता ने सर्वप्रथम राजा परीक्षित को श्रृंगी ऋषि ने श्राप क्यों दिया? इसकी कथा सुनाई। बताया कि राजा द्वारा पिता शमीक ऋषि के साथ दुर्व्यवहार से श्रृंगी ऋषि क्रोधित हो गए।
ऋषि कुमार ने कौशिकी नदी के जल से आचमन करके परीक्षित को श्राप दिया। परीक्षित ने मेरे पिता का अपमान करके मर्यादा का उल्लंघन किया है, इसलिए मेरी प्रेरणा से आज के सातवें दिन उसे तक्षक सर्प डंस लेगा। उसके बाद विदुर जी और विदुरानी जी की कथा सुनाई कि कैसे भगवान श्री कृष्ण उनके घर जाते है और रुखा-सूखा खाते हैं। उन्होंने कथा के माध्यम से बताया कि भगवान हमारे भाव के भूखे होते हैं। हम उन्हें भाव से कुछ भी अर्पण करे वह ग्रहण करते हैं। कथा का विश्राम मुख्य यजमान अश्वनी सिंह व उनकी पत्नी ज्योत्सना सिंह की आरती के बाद हुआ। संचालन नितिन कुमार ने किया।
यह भी पढ़ें | Jaunpur News: कवयित्री महादेवी वर्मा वाद विवाद प्रतियोगिता में टीडी कॉलेज की टीम को प्रथम स्थान

