Jaunpur News: विधायक ने महानवमी पर किया 251 कन्याओं का सामूहिक पूजन
अवनीश पाण्डेय
सुइथाकला, जौनपुर। शारदीय नवरात्र की महानवमी के अवसर पर बुधवार को ब्लॉक मुख्यालय पर कन्या पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विधायक शाहगंज रमेश सिंह सहित भाजपा पदाधिकारियों ने 251 कन्याओं के पांव पखारकर पूजन किया और उनका आशीर्वाद लिया।
विधायक श्री सिंह ने कहा कि जहां नारियों का सम्मान होता है, वहां देवताओं का वास होता है। सनातन परंपरा के अनुसार नवरात्र में मां दुर्गा की उपासना के साथ कन्या पूजन कर सुख-समृद्धि की कामना की जाती है। उन्होंने कहा कि महिलाओं का सम्मान समाज की जिम्मेदारी है और इससे ही समाज का विकास संभव है। इस दौरान महिलाओं ने परम्परागत देवी पचरा गाकर माहौल को भक्तिमय बना दिया।
कार्यक्रम में डीएम डॉ. दिनेश चंद्र, एसडीएम कुणाल गौरव, बीडीओ जितेंद्र प्रताप सिंह सहित अधिकारी मौजूद रहे। संचालन हृदयनाथ शुक्ल ने किया। इस दौरान भाजपा नेता बेचन सिंह, प्रमुख प्रतिनिधि डॉ. उमेश चन्द्र तिवारी, खुशीराम मिश्र, प्रधान संघ अध्यक्ष राम प्रकाश दूबे, राकेश तिवारी, रणंजय सिंह, दुष्यंत मिश्र, सतीश सिंह, वीरेंद्र सिंह 'पिंटू' सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे। अंत में प्रधान कम्मरपुर अनुजा प्रवीण सिंह ने सभी आगन्तुकों के प्रति आभार जताया।

