BREAKING

Jaunpur News: चार माह में छह बार जला ट्रांसफार्मर, अधिकारी सिर्फ़ आश्वासन की बिजली जला रहे

नया सवेरा नेटवर्क

जौनपुर। कुद्दूपुर फीडर के अंतर्गत रंजीतपुर गाँव के लोगों की ज़िंदगी इन दिनों अंधेरे और गर्मी से जूझ रही है। यहाँ लगे 25 केवी के ट्रांसफार्मर ने पिछले चार माह में छह बार दम तोड़ दिया, जिसमें से सिर्फ़ सितंबर महीने में ही तीन बार फुँक चुका है। नतीजा पूरे क्षेत्र की बिजली सप्लाई ठप, किसान सिंचाई के लिए बेहाल, और आम ग्रामीण भीषण गर्मी व पानी की किल्लत झेलने को मजबूर हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि मौजूदा ट्रांसफार्मर की क्षमता बेहद  अपर्याप्त है। यह अब किसी “खटारा जनरेटर” जैसा हो चुका है। माँग उठ रही है कि यहाँ कम से कम 63 केवी का नया ट्रांसफार्मर लगाया जाए। लेकिन बिजली विभाग की कार्यशैली यह है कि समस्या का स्थायी समाधान करने की बजाय अधिकारी हर बार जला हुआ ट्रांसफार्मर बदलकर “औपचारिकता” निभा देते हैं।

यह भी पढ़ें | Mumbai News: डॉ. अनील ने किया श्री शतचंडी महायज्ञ के पंडाल का लोकार्पण 

लोगों का तंज है कि “बिजली का बिल तो हर महीने समय पर आ जाता है, बल्कि आए दिन महँगाई का झटका लगाकर बढ़ा भी दिया जाता है, लेकिन जब बिजली देने की बारी आती है तो विभाग की जिम्मेदारी सिर्फ़ आश्वासन बाँटने तक सिमट जाती है।”

ग्रामीणों का आरोप है कि गाँव-देहात में बिजली की हालत सुधारने के लिए कोई कदम नहीं उठाया जाता। गाँव में बिजली की हालत खस्ता है न ट्रांसफार्मर दुरुस्त, न समस्या का समाधान समय पर। गाँव के लोगों ने कई बार अधिकारियों और जेई को समस्या बताई, लेकिन जवाब वही घिसा-पिटा “जल्द ठीक कर देंगे।”  गाँव वालों का गुस्सा अब खुलकर सामने आ रहा है। उनका कहना है “क्या बिजली विभाग का ट्रांसफार्मर बार-बार जलाने का ही ठेका है? या फिर गाँव वालों को अंधेरे में रखने का नया प्रयोग चल रहा है?”

विज्ञापन



नया सबेरा का चैनल JOIN करें