Jaunpur News: मारपीट पर अमादा 13 गिरफ्तार,असलहा व कारतूस बरामद
खुटहन, जौनपुर। मखदूमपुर गांव में रविवार की रात दो किशोरों के बीच हुआ विवाद इस तरह बढ़ गया कि दोनों पक्षों से दर्जनों लोग लाठी डंडा लेकर डट गए। आपस में कहासुनी चल रही थी कि मौके पर पहुंची पुलिस ने 13 लोगों को हिरासत में ले लिया। तलाशी के दौरान एक आरोपित के पास से तमंचा और जिंदा कारतूस भी बरामद किया गया। आवश्यक कार्रवाई के बाद सभी को चलान न्यायालय भेज दिया गया। मामले को लेकर थाने में किसी पक्ष के द्वारा तहरीर नहीं दी गई है। पटैला बाजार में मखदूमपुर गांव के दो किशोरों के बीच शाम को विवाद हो गया था। वहां मौजूद लोगों ने दोनों को समझा बुझाकर मामला शांत करा दिया। देर रात दोनों पक्षों से दर्जनों युवक लाठी डंडा लेकर फिर से उसी स्थान पर पहुंच गए। किसी ने इसकी सूचना थाने पर दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस को देख तमाम लोग अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गए। मौके से पुलिस ने 13 युवकों को हिरासत में ले लिया। तलाशी के दौरान एक तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद किया गया। पुलिस ने सभी आरोपितों के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर चलान न्यायालय भेज दिया।
