Jaunpur News: न्यायाधीश ने जिला कारागार का किया निरीक्षण
जौनपुर। जनपद न्यायाधीश अनिल कुमार वर्मा, जिलाधिकारी डॉ० दिनेश चन्द्र, पुलिस अधीक्षक डा० कौस्तुभ के द्वारा संयुक्त रूप से जिला कारागार का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान बैरकों की सघन तलाशी ली गयी, जिसमें कुछ भी आपत्तिजनक नही मिला। अधिकारियों के द्वारा बंदियों से संवाद करते हुए उनके स्वास्थ्य, कानूनी सहायता, भोजन आदि के संबंध में जानकारी प्राप्त की। जिन बंदियों के स्वास्थ्य समस्या थी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी को समुचित स्वास्थ्य व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जेल अस्पताल में भी जाकर बन्दियो के स्वास्थ्य के सम्बन्ध में जानकारी प्राप्त की गयी और मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देशित किया गया कि नियमित रूप से बन्दियों के स्वास्थ्य की जांच की जाए। इस अवसर पर सचिव जिला प्राधिकरण प्रशांत, एसीजेएम प्रथम मुकीम अहमद, प्रभारी जेलर सुभाष चंद्र, जेल अधीक्षक पवन कुमार सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।

