Jaunpur News: हुसेनाबाद की ऐतिहासिक रामलीला मंचन शुरू
अमृत धारा बहाने का संकल्प के साथ कार्यक्रम तय
जौनपुर। मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम की पावन स्मृतियों और भक्ति भाव से सराबोर रामलीला मंचन का शुभारंभ नगर के ऐतिहासिक हुसेनाबाद मोहल्ले में हो गया है। इस वर्ष भी श्रीराम लीला समिति हुसेनाबाद ने श्रद्धा और उल्लास के साथ 82वें वर्ष की निरंतर परंपरा को आगे बढ़ाते हुये राम कथा की अमृत धारा बहाने का संकल्प लिया है।
बता दें कि इस रामलीला की विशेषता यह है कि यहां के कलाकार मोहल्ले के ही निवासी हैं। कोई इंजीनियर है, कोई सरकारी सेवक तो कोई व्यापारी—लेकिन मंच पर आते ही सभी रामभक्ति में लीन होकर अपने पात्र को जीवंत कर देते हैं। दर्शक हर दृश्य में स्वयं को त्रेता युग में पहुंचा हुआ अनुभव करते हैं। कार्यक्रमों की भव्य श्रृंखला की शुरुआत 26 सितंबर को सुंदर कांड पाठ एवं प्रसाद वितरण से हुई जहां पूरे वातावरण को श्रीराम नाम के पावन गूंज से भर दिया।
बता दें कि 27 सितम्बर को नारद मोह, राम जन्म, ताड़का वध और धनुष यज्ञ का मंचन होगा जिसमें रामकथा का दिव्य प्रवाह भक्तों को मंत्र—मुग्ध करेगा। 28 सितम्बर को कैकेई कोप भवन, भरत आगमन और नककटैया का मनोहारी मंचन होगा। 29 सितम्बर को सीता हरण, बाली वध और लंका दहन जैसे रोमांचक व भावनात्मक प्रसंग देखा जायेगा। 30 सितंबर को अंगद रावण संवाद और लक्ष्मण शक्ति का हृदयस्पर्शी दृश्य मंचित होगा। 1 अक्तूबर को कुंभकर्ण, मेघनाथ और सुलोचना सती के प्रसंग मंच पर जीवंत होंगे। 2 अक्तूबर को तब नगरवासियों के उत्साह और उमंग का चरम होगा जब जेसीज चौराहे पर रावण दहन के साथ विजयादशमी का विशाल मेला सजेगा। 3 अक्तूबर को भारत मिलाप और राजगद्दी का भव्य मंचन होगा जो इस लीला का पुण्य-पर्यवसान होगा।
आयोजन समिति ने बताया कि रामभक्ति से ओत—प्रोत यह आयोजन न केवल मनोरंजन का माध्यम है, बल्कि आस्था, संस्कृति और सामाजिक एकता का अद्भुत संगम भी है। नगरवासी श्रद्धा और उत्साह के साथ प्रतिदिन इस दिव्य लीला का रसपान करने के लिए एकत्रित होंगे और श्रीराम के आदर्शों को आत्मसात करेंगे।
