Jaunpur News: समाज के विकास की मुख्य धुरी नारी
सखी वेलफेयर फाउंडेशन ने मनाया तीज एवं गणेश उत्सव
नया सवेरा नेटवर्क
जौनपुर। सखी वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा नगर के एक लॉन में हरतालिका तीज एवं श्री गणेश उत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें सखियों ने गीत, संगीत, नृत्य के साथ हर्षोल्लास पूर्वक गणपति भगवान, देवाधिदेव शिव एवं माता पार्वती की पूजा अर्चना करके धूमधाम से त्यौहार मनाया। मुख्य अतिथि प्रदेश मंत्री मीना चौबे विशिष्ट अतिथि पूर्व विधायक सुषमा पटेल संस्थाध्यक्ष प्रीति गुप्ता एवं समस्त सखियों ने गणपति भगवान की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित किया तत्पश्चात पंडित आनंद मिश्र ने पूजा अर्चना कर कार्यक्रम का शुभारंभ कराया।
मुख्य अतिथि मीना चौबे ने कहा कि सखी वेलफेयर फाउंडेशन विगत कई वर्षों से नारी सशक्तिकरण की दिशा में अपना योगदान दे रही है तथा सामाजिक और सांस्कृतिक मूल्यों को संजोते हुए पूरे राष्ट्र को एक सूत्र में पिरोने का प्रयास कर रही है। उन्होंने सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र में आगे बढ़ रही महिलाओं के उत्थान में पुरुषों के महती योगदान को भी प्रशंसनीय बताया। विशिष्ट अतिथि सुषमा पटेल ने सखी वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा नारी सशक्तिकरण हेतु स्वास्थ्य, स्वावलंबन आदि के क्षेत्र में किये जा रहे कार्यों की प्रशंसा की। कहा कि नारी समाज के विकास के मुख्य धुरी है।
यह भी पढ़ें | Jaunpur News: किशोरी के अपहरण व यौन शोषण का आरोपित गिरफ्तार
इस अवसर पर भगवान श्री गणेश को समर्पित समूह व एकल नृत्य से सखी तूलिका श्रीवास्तव, दीपा साहू, पिंकी जायसवाल, दिव्या साहू, अंजू जायसवाल, स्वर्णिमा, मीनू बरनवाल, संचिता बैंकर, सुजाता जायसवाल, रूपम शुक्ला, श्रद्धा उपाध्याय, वंदना साहू, रेनू गुप्ता आदि ने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। अनीता त्रिपाठी एवं सरला त्रिपाठी के समूह ने कजरी एवं भक्ति संगीत से पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया। पौराणिक प्रश्नों पर सखी शीला राय ने प्रश्नोत्तरी कार्यक्रम किया, जिसमें सभी महिलाओं ने बढ़ चढ़ कर हिस्सा लिया। संस्थाध्यक्ष प्रीति गुप्ता ने संस्थापक पदाधिकारियों सखी तूलिका श्रीवास्तव, स्वर्णिमा जायसवाल, पिंकी जायसवाल, चेतना साहू, सुजाता जायसवाल, तसनीम जैदी, साधना साहू को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। संचालन महासचिव अर्चना सिंह तथा कार्यकारी अध्यक्ष तूलिका श्रीवास्तव ने आभार व्यक्त किया।