UP News: बरेली किला क्रासिंग पर रामपुर रोड तक शीघ्र बने नया फ्लाईओवर | Naya Sabera Network
प्रस्तावित सुभाष नगर एवम डेलापीर उपरिगामी पुल भी आज की जरूरत
साल भर बंद रहा किला पुल फिर बदहाल
निर्भय सक्सेना @ नया सवेरा
बरेली। बरेली में गलत डिजाइन के अधिकांश बने पुलो की जाम लगने के बाद अब कुछ सुध जिम्मेदार लोगो को आई है। चौपला पुल को बाई शेप में बदायूं रोड से जोड़ने से कुछ राहत मिली । सुना है अब सेटेलाइट पुल को भी बाई शेप करने पर मंथन हो रहा है। किला का पुल भारी भरकम राशि से रंगाई पुताई के साथ रिपेयर कर बिना पेड़ो की जड़ों को नष्ट किए और बिना मार्ग प्रकाश के शुरू करा दिया गया था। मरम्मत के बाद लगभग 40 वर्ष पुराने किला पुल की आयु अब 5 या 10 साल और बढ़ गई है पर शहरवासी कई माह परेशान रहे थे। अब फिर किला पुल बदहाल है। समय रहते इस लाइफलाइन का विकल्प तो तलाशना ही होगा। इसके लिए अब किला क्रासिंग पर रामपुर रोड तक लंबा पुल बनाना जरूरी है। रेलवे आजकल सिटी शमशान घाट पर अंडरपास बनाने का कार्य करा रहा है। बरेली में पुराने चौपला क्रॉसिंग, हार्टमेन रेल क्रॉसिंग पर भी अंडरपास की आज बहुत अधिक जरूरत है। जिसके लिए पत्रकार निर्भय सक्सेना ने साधन को कई बार पत्र एवं मेल भी भेजे।
बरेली की ही बात की जाए तो केंद्र सरकार में पूर्व मंत्री एवम सांसद संतोष कुमार गंगवार अब झारखंड के राज्यपाल, प्रदेश के वन मंत्री डॉ अरुण कुमार, विधायक संजीव अग्रवाल के प्रयास से रेलवे अधिकारियो ने सिटी शमशान भूमि पर अंडर पास का कार्य शुरू करा दिया है। वन मंत्री डॉ अरुण कुमार ने किला पर एक नए पुल के लिए मुख्यमंत्री को भी निर्भय सक्सेना के पत्र को अग्रसारित कर भेजा था। आज आवश्यकता इस बात की भी है कि अब किला के पुल के विकल्प में नए किला पुल की डिजाइन इस प्रकार बनाई जाए की उसका एक सिरा सिटी रेलवे स्टेशन से उठ कर किला बाकरगंज होकर रामपुर दिल्ली रोड पर और दूसरा सिरा अलखनाथ मार्ग की रेल लाइन को पार कर इज्जतनगर रोड की ओर बनाया जाए। यही नहीं उस पुल की एक विंग सिटी शमशान घाट या मढ़ी नाथ मार्ग पर भी उतारी जाए।
स्मरण रहे बरेली में रामपुर रोड को जोड़ने वाला लगभग 40 वर्षो पूर्व बना किला पुल बिना पथ प्रकाश कई खामियों के साथ कई माह बाद सत्य प्रकाश सेतु के रूप में 6 अप्रेल 2023 को पुना शुरू हो गया था। पर इस पुल की आयु कितनी होगी यह उसकी मरम्मत के लिए आए करोड़ों के बजट को ठिकाने लगाकर और खामियां छोड़ने से खुली आंख से देखने से ही पता चलता है। वहां पीपल के पेड़ पुल दीवार को नष्ट कर रहे हैं। हाल में ही बना हार्टमैन पुल भी घटिया निर्माण के चलते उसका सरिया का जाल सीमेंट से बाहर आकर दुर्घटना का निमंत्रण दे रहा है।
देश में एक और तेजी से राजमार्ग, उपरिगामी पुल, अंडरपास का जाल बिछाया जा रहा है ताकि मार्ग यातायात में सुगमता बनी रहे। पर अपने बरेली मंडल की बात की जाए तो यहां आज भी कुतुबखाना का महादेव पुल दोनो सिरो पर जाम का कारण बन रहा है। महादेव पुल का निर्माण वाई शेप डिजाइन भी अभी तक नहीं बना है। हाल की वर्षा से पुल की नालियां चोक हो गई। पुल के नीचे की लाइट भी जल बुझ रही है । यही हाल आई वी आर आई मार्ग पुल की डिजाइन भी ऐसा जटिल बनाया गया की वह यातायात की सुगमता की बजाए जनता को दिग्भर्मित अधिक करता है। अब इसी आई वी आर आई मार्ग पर डेलापीर का पुल भी प्रस्तावित है। मेरे सुझाव पर प्रदेश के वन मंत्री डॉ अरुण कुमार के प्रयास से अब कुछ आगे बढ़ी भी है। इसके अलावा अब तो महेशपुर रेलवे क्रॉसिंग पुल बनाने की भी फाइल खुल चुकी है। पर सुभाष नगर उपरिगामी पुल की फाइल अभी ठंडे बस्ते में ही पड़ी है। क्योंकि उससे रेलवे को कोई लाभ नहीं है।
पत्रकार निर्भय सक्सेना ने किला पर एक लंबा पुल स्मार्ट सिटी योजना में बनबाने के लिए मुख्यमंत्री को मेल भेजकर एवम डॉ अरुण कुमार एवम विधायक संजीव कुमार अग्रवाल, मेयर उमेश गौतम को पत्र देकर मांग भी की थी। इसके साथ ही प्रस्तावित डेलापीर पुल के निर्माण के लिए जुलाई 2013 से कई पत्र वर्तमान झारखंड राज्यपाल, पूर्व केंद्रीय मंत्री सांसद रहे संतोष कुमार गंगवार, डॉ अरुण कुमार वन मंत्री से भिजवाए थे। मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी जून 2016 पर डाला जिसका नंबर 11150160069643 था जिसे तत्कालीन प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री कार्यालय अनीता सिंह ने प्रमुख सचिव लोक निर्माण विभाग को 24 जून 2016 को प्रेषित किया था। अब कई वर्ष बाद शासन प्रशासन को इसकी 2022 में याद आई है।
यह भी पढ़ें | UP News: मुरादाबाद में गोकशी के आरोपितों के साथ पुलिस की मुठभेड़, 3 गिरफ्तार | Naya Sabera Network
मुख्यमंत्री योगी जी की सरकार के दूसरे कार्यकाल में भी लोक निर्माण विभाग के अधिकारी मस्त हैं। आज भी यह बदायूं रोड पुल दिन में कई बार जाम का कारण बनता हैं। सुभाष नगर का प्रस्तावित उपरिगामी पुल का भी कई बार से नेताओं का आश्वासन ही मिल रहा है। क्योंकि इससे रेलवे को कोई फायदा नही है इसलिए ही वह पुल रूपी गेंद लोनिवि या राज्य सरकार की ओर वापस कर देता है। रेलवे अधिकारी अपनी जमीन को ही बचाने में लगे हुए हैं। बदायूं रोड पर करगेना में महेशपुरा रेल क्रॉसिंग पर भी पुल इसलिए जरूरी है की आजकल इस रोड पर ही कई कालोनी का विस्तार भी हो रहा है। अब एक बार फिर से महेशपुर रेल उपरिगामी पुल की फाइल बाहर आ चुकी है। अगर बदायूं रोड से ही मढ़ीनाथ या सिटी शमशान मार्ग पर पुल बनाकर जोड़ने की पहल बीजेपी के विधायक सरकार से कर दें तो एक बहुत बड़ी यातायात की समस्या हल हो सकेगी।
हार्टमैन पुल भी घटिया निर्माण के चलते उसका सरिया का जाल सीमेंट से बाहर दिख रहा है। जिला हॉस्पिटल का फुटओवर पुल भी मरीजों को मुंह चिढ़ा रहा है। महानगर के विकास के लिए जरूरी है कि जिला परिषद, नगर निगम, विकास प्राधिकरण, जिला प्रशासन एवम जनप्रतिनिधियों की एक कोआर्डिनेशन कमेटी भी बने। तभी यह कार्य संभव होगा। यही कमेटी जिले के नियोजित विकास के लिए आए सुझावों का गुणदोष के आधार पर चयन करे। इसके लिए पत्रकार निर्भय सक्सेना ने पूर्व में ही मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ जी को मेल भेज कर हर जिले के नियोजित विकास के लिए यह सुझाव दिया था। स्मरण रहे जब कुतुबखाना पुल बनना था उस समय भी उसके वाई शेप में बनाने की जनहित की मांग को उपेक्षित कर दिया गया।।
स्मरण रहे बरेली में अब मेट्रो के मार्ग का विकास प्राधिकरण एवम राइट्स की संयुक्त टीम बीते दिनो सर्वे भी करा चुकी है। जिले लिए डिपो को जमीन की तलाश है । नगर निगम में बरेली शहर में वाहन पार्किंग समस्या विकराल बनी हुई है। स्मार्ट सिटी बरेली के कुछ चल रहे बेतरतीब एवम अनियमित कार्यों पर पूर्व सभासद राजेश अग्रवाल भी कई बार अधिकारियों का ध्यान इंगित भी करा चुके हैं।
अब वर्तमान में जरूरत है की जिला हॉस्पिटल के टी बी हॉस्पिटल के आस पास के गिरताऊ भवन जमीदोज कर जिला महिला हॉस्पिटल की तर्ज पर ही बहुमंजिला भवन बनाया जाए और बांसमंडी का राजकीय आयुर्वेदिक हॉस्पिटल भी इसी परिसर में लाया जाए। ताकि घनी आबादी वाली जनता को सरकारी चिकित्सा का लाभ मिल सके। जिला हॉस्पिटल की कीमती भूमि का भी निजी हॉस्पिटल की तर्ज पर विकास किया जाए।
पूर्व मेयर डॉ आई इस तोमर ने पूर्व में पत्रकारों से कहा था कि जब तक जिला परिषद रोड पर कुतुबखाना महादेव पुल की रोड नहीं उतरेगी यह कुतुबखाना पुल बेमानी ही साबित होगा। कोहाड़ापीर से कोतवाली के आसपास पुल की विंग उतरने से कोहाड़ापीर की और से आने वाला यातायात जिला हॉस्पिटल कोतवाली के सामने से अपने गंतव्य पर जायेगा। उसी प्रकार कुतुबखाना की दिशा में जाने वाला यातायात नावल्टी चौराहे से उपजा प्रेस क्लब के पास से मुड़कर इस्लामिया स्कूल होकर जिला परिषद रोड से होता हुआ पुल की विंग पर चढ़कर कुतुबखाना होकर कोहाड़ापीर पर निकाल दिया जाएगा। भारत की ड्राइविंग भी इसी के अनुकूल है। इससे आमने सामने का टकराव भी बचेगा। इसलिए जरूरी है की जिला परिषद रोड पर भी कुतुबखाना पुल की एक विंग उतारी जानी चाहिए। इससे कुतुबखाना पुल जाम कम करने में सफल होगा ।
इसके साथ ही बरेली स्मार्ट सिटी में कुतुबखाना सब्जी मंडी, श्यामगंज सब्जी मंडी, किला, तहसील परिसर में कचहरी में बहुमंजिला मार्केट एवम वाहन पार्किंग की भी आज नितांत जरूरत है।स्मार्ट सिटी का दर्जा पाया बरेली शहर आज विकास कार्य के प्रसवकाल में ही है। शहर में बदहाल गड्ढादार सड़कों, चोक नाले नालियो, हर सड़क चोराहे पर जाम, हवा हवाई कूड़ा निस्तारण प्लांट की योजना वाली घोषणाओ के प्रोजेक्ट बनने का ही अभी इंतजार ही कर रहा है। झुमका तिराहा के बाद अब डमरू चौक भी जाम का सबब बन रहा है।
विज्ञापन |