Jaunpur News: प्रसिद्ध लेखक कवि, शिक्षक विजय मेहंदी ने बढ़ाया जौनपुर का मान | Naya Sabera Network
नया सवेरा नेटवर्क
जौनपुर। शिक्षा कला साहित्य की दुनिया में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले पूरे भारत से नौ विभूतियों को स्वदेश संस्थान भारत द्वारा सबसे बड़े सम्मान स्वदेश नवरत्न अचीवर अवार्ड 2025 से नवाजा गया है। जिसमें उत्तर प्रदेश के जौनपुर जनपद के मड़ियाहूँ विकास खण्ड के अंतर्गत आने वाले मेहंदी गाँव के मूल निवासी विजय मेहंदी भी शामिल हैं। आप को बताते चलें कि पेशे से एक शिक्षक विजय मेहंदी जी शिक्षा साहित्य के क्षेत्र में अद्भुत योगदान कर पूरे देश में प्रसिद्धि प्राप्त कर चुके हैं।मेहंदी जी को अब तक अनेकों राष्ट्रीय अंतर्राष्ट्रीय सम्मानों से नवाजा जा चुका है। 1 से 5 अप्रैल 2025 तक चलने वाले अंतर्राष्ट्रीय सर्व कला प्रदर्शनी एवं सम्मान समारोह "अयोध्या कला संस्कृति महाकुंभ" में इन्हें स्वदेश नवरत्न अचीवर अवार्ड-2025 सहित स्वदेश कोहिनूर एवार्ड-2025 एवं एक्सीलेंट राइटर ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स-2025 जैसे ट्रिपल सम्मानों से विभूषित किया गया है। साथ ही साथ इन्हें मोमेंटो ट्राफी,स्वदेश भारत स्मारिका अंगवस्त्र पट्टिका व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। जिससे पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है।
यह भी पढ़ें | National: भारत गौरव आइकोनिक अवार्ड से सम्मानित हुए बागपत के विपुल जैन | Naya Sabera Network
अपने विद्यार्थी जीवन में विज्ञान के छात्र रहे मेहंदी जी ने हिन्दी साहित्य के क्षेत्र में राष्ट्रीय अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर सबको आश्चर्यचकित कर दिया है।अपनी लेखनी से प्रसिद्धी प्राप्त कर चुके मेहंदी जी की अनगिनत कविताएं,बाल कविताएं, लेख ,गीत जैसी रचनाएँ उत्तर प्रदेश से प्रकाशित होने वाले समाचार पत्रों सहित देशभर से प्रकाशित विभिन्न पुस्तकों पत्र पत्रिकाओं एवं पोर्टल नेटवर्क में प्रकाशित होती रही हैं। उपचारात्मक शिक्षण में पारंगत शिक्षक विजय मेहंदी जी की देश के नन्हें-मुन्ने बच्चों में बुनियादी हिन्दी भाषा के विकास हेतु प्रस्तावित पुस्तक 'बालचहक' की प्रकाशन प्रक्रिया प्रगति पर है।
जो विद्यालय में पहली बार कदम रखने वाले नन्हें-मुन्ने प्यारे बच्चों में प्रारम्भिक हिन्दी भाषा के विकास में विशेष कारगर साबित होगी। उत्कृष्ट विद्यालय से सम्मानित कन्या प्रा0वि0 शुदनीपुर,मड़ियाहूँ में अपनी यादगार सेवा दे चुके शिक्षक विजय मेहंदी जी वर्तमान में विकास खण्ड बरसठी के अन्तर्गत आने वाले प्रा0वि0 मंगरी में सेवारत हैं।बताते चलें की मेहंदी जी अपनी इन सफलताओं का पूरा श्रेय अपने प्रेरक प्रिय प्रशंसकों को ही देना चाहते हैं और तहेदिल से स्वदेश भारत संस्थान के निदेशक शिव बक्श सागर और अयोध्या संस्कृति महाकुंभ-2025 आयोजन समिति के निदेशक अंबरीष चंद्र पाण्डेय सहित सभी कर्मठ पदाधिकारियों व आयोजन समिति के अध्यक्ष श्री शिव बक्स सागर प्रजापति जी को उक्त कार्यक्रम की अतुल्य अनुपम एक यादगार सफलता के लिए अनंत बधाइयां एवं हार्दिक शुभकामनाएं अर्पित करते हैं।
विज्ञापन |