Mumbai News: विधान परिषद सदस्य निर्वाचित होने पर संजय केणेकर का सम्मान | Naya Sabera Network
नया सवेरा नेटवर्क
Mumbai News: मुंबई। भाजपा के महाराष्ट्र महामंत्री संजय केणेकर के विधान परिषद सदस्य निर्वाचित होने पर उनके समर्थकों में उत्साह का माहौल है। शुक्रवार को विधिमंडल सत्र के दौरान मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस द्वारा संजय केणेकर समेत महायुति के कुल पांच उम्मीदवारों के निर्विरोध विधान परिषद सदस्य निर्वाचित होने के साथ ही उनके समर्थकों ने जश्न मनाना शुरू कर दिया। सभी नवनिर्वाचित सदस्यों को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, अजित पवार समेत विधिमंडल के सभी सदस्यों ने बधाई दी।
इसे भी पढ़ें: Jaunpur News: गौरीशंकर ग्लोबल स्कूल के छात्र शैक्षणिक उत्कृष्टता पुरस्कार से हुए सम्मानित | Naya Sabera Network
भाजपा कामगार मोर्चा के महाराष्ट्र अध्यक्ष विजय हरगुडे, प्रदेश उपाध्यक्ष नितिन गुप्ता समेत सभी पदाधिकारियों ने प्रदेश कार्यालय में नवनिर्वाचित विधान परिषद सदस्य संजय केणेकर को बधाई दी। गौरतलब हो कि केणेकर भाजपा कामगार मोर्चा के अध्यक्ष भी रहे हैं, और वर्तमान में पार्टी के प्रदेश महामंत्री समेत मोर्चा के महाराष्ट्र प्रभारी भी हैं।
भाजपा कामगार मोर्चा के महाराष्ट्र उपाध्यक्ष तथा भाजपा चित्रपट कामगार आघाड़ी के मुंबई प्रभारी नितिन गुप्ता ने कहा कि कामगारों को भाजपा से जोड़ने एवं उनकी समस्याओं के निराकरण में नवनिर्वाचित विधान परिषद सदस्य संजय केणेकर का मार्गदर्शन एवं सहयोग सदैव मिलता रहा है, और उनके विधान परिषद में पहुंचने से अब और भी ताकत से कामगारों की समस्याओं का निराकरण तथा उनके लिए जनोपयोगी योजनाओं का क्रियान्वयन हो सकेगा। बता दें कि स्थानीय निकाय को सामने रखकर भाजपा ने संजय केणेकर के रूप में ओबीसी चेहरे को आगे बढ़ाया है।
संजय केणेकर ने वर्ष 1988 में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से कामकाज शुरु किया था। छत्रपति संभाजीनगर(पहले औरंगाबाद) से भाजपा में उन्होंने वॉर्ड अध्यक्ष से शुरुआत की और प्रदेश उपाध्यक्ष तक पहुंचे। महानगर पालिका में 15 साल नगरसेवक रहे और 23 साल की आयु में उप महापौर पद हासिल किया। वह ओबीसी समाज से आते हैं और पार्टी ने उनको अन्य पिछड़ा वर्ग के प्रतिनिधि के रूप में आगे बढ़ाया है।
संजय केणेकर वर्ष 2014 में औरंगाबाद पूर्व से पार्टी के टिकट की दौड़ में थे। इसके बाद विधान परिषद के लिए भी केणेकर ने पिछली बार प्रयास किया था, लेकिन पार्टी ने उस समय उनको ठहरने के लिए कहा था। इसके बाद वर्ष 2019 में म्हाडा का उनको सभापति बनाया गया था। साथ ही केणेकर कामगार मोर्चे के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में भी सक्रिय रहे। वर्तमान में वे भाजपा के महाराष्ट्र प्रदेश महामंत्री तथा कामगार मोर्चा के प्रदेश प्रभारी हैं।
![]() |
विज्ञापन |