UP News : रामलला मंदिर के मुख्य पुजारी आचार्य सत्येंद्र दास का निधन | Naya Savera Network
- प्रधानमंत्री और सीएम योगी ने जताया शोक, रामनगरी के संत समाज में शोक की लहर
नया सवेरा नेटवर्क
लखनऊ। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के मुख्य पुजारी आचार्य सत्येंद्र दास का साकेतवास होने से अयोध्या में शोक की लहर छा गयी। श्री राम जन्मभूमि मंदिर के मुख्य पुजारी आचार्य सत्येन्द्र दास महाराज का साकेतवास माघ पूर्णिमा के पवित्र दिन बुधवार प्रात: सात बजे के लगभग उन्होंने पीजीआई लखनऊ में अंतिम सांस ली। वे 1992 से रामलला की पूजा कर रहे थे। श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट सहित अयोध्या धाम के संत धमार्चार्यों ने उनके निधन को अपूर्णनीय क्षति बताया और कहा कि पुजारी जी ने लगभग बत्तीस वर्ष सेवाकाल में अनेक उतार-चढ़ाव देखे। प्रशासनिक व्यवस्था में मंदिर के अर्चक होने के कारण भी सहयोगी बने रहे।
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष एवं मणिरामदास छावनी के महंत नृत्य गोपाल दास महाराज ने सत्येन्द्र दास के निधन पर कहा कि यह नश्वर संसार है। सभी को एक दिन मुक्त होना है। उन्होंने कहा कि धार्मिक जीवन मूल्यों के प्रति संवेदनशील सतपुरुष की मृत्यु नहीं होती। उसके द्वारा किये गये सत्कार्य उसे चिरकाल तक समाज के मस्तिष्क पर जीवंत रखते हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अयोध्या धाम में राम जन्मभूमि मंदिर के मुख्य पुजारी आचार्य सत्येंद्र दास जी महाराज के निधन पर बुधवार को गहरा दुख प्रकट किया और सामाजिक तथा आध्यात्मिक क्षेत्र में उनके अमूल्य योगदान का स्मरण किया। मोदी ने शोक संदेश में पुजारी सत्येंद्र दास जी के अनुयायियों और परिजनों के प्रति संवेदना भी जतायी है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रामलला मंदिर अयोध्या धाम के मुख्य पुजारी आचार्य सत्येंद्र दास के आज बृह्मलीन होने पर गहरा शोक जताया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि परम रामभक्त, श्रीरामजन्मभूमि मंदिर, श्री अयोध्या धाम के मुख्य पुजारी आचार्य सत्येन्द्र कुमार दास जी महाराज का निधन अत्यंत दुखद एवं सामाजिक व आध्यात्मिक जगत के लिए अपूरणीय क्षति है।


