Jaunpur News : विपक्ष ने केंद्रीय बजट को बताया खोखला | Naya Savera Network
- बोले - महंगाई से त्रस्त है जनता, भाजपा बोली - विकसित भारत की ओर बढ़ता कदम
नया सवेरा नेटवर्क
जौनपुर। शनिवार को संसद में एनडीए सरकार द्वारा वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा बजट पेश करने के बाद जिले के प्रमुख विपक्षी राजनीतिक दलों ने अपनी मिलीजुली प्रतिक्रिया देते हुए सत्ता पक्ष पर बजट खोखला होने का दावा किया। कांग्रेस, सपा, बसपा सहित अन्य विपक्षी दलों ने इसे महंगाई के चलते ऊंट के मुंह में जीरा बताया।
वहीं बजट पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुये भाजपा जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह ने कहा कि मोदी सरकार द्वारा पेश किया गया बजट विकसित भारत के सपने को साकार करने में सहायक बनेगा। उन्होंने कहा कि यह आम आदमी का बजट है। यह गरीब, युवा, अन्नदाता और नारी शक्ति का बजट है। यह बजट देश की अर्थव्यवस्था को विश्व में नंबर एक पहुंचने में सहायक साबित होगा। उन्होंने कहा कि यह बजट, एक दूरदर्शी बजट है जो विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने में मददगार साबित होगा। इस बजट में देश के हर वर्ग का ध्यान रखा गया है।
कांग्रेस के जिलाध्यक्ष फैसल हसन तबरेज ने एनडीए सरकार के इस बजट को गरीब के मुंह पर तमाचा करार देते हुए कहा कि आम जनता महंगाई से परेशान हैं, किसानों को उनके उत्पादन का मूल्य नहीं मिल रहा है। एक तरफ वो लगातार धरना प्रदर्शन कर अपने फसल के उत्पादनों के मूल्य बढ़ाने की मांग कर रहे हैं और न जाने कितने किसानों ने अपनी जानें तक दे दीं पर केंद्र की मोदी सरकार पर जू तक नहीं रेंग रही है। यह बजट उद्योगपतियों का बजट है। इससे अडानी, अंबानी को ज्यादा लाभ मिलेगा। बेरोजगार युवाओं के लिए कोई खास बजट नहीं दिखा तो वहीं 12 लाख तक आयकर छूट देना ऊंट के मुंह में जीरे के बराबर है, क्योंकि महंगाई चरमसीमा पर है, सरकार नौकरियां देने के बजाय अपनी वाह-वाही करने में जुटी है।
समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष राकेश मौर्या ने भी इस बजट को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि नौजवानों को रोजगार देने का मामला हो या किसानों की उपज का सही मूल्य देने की बात हो सरकार इस बजट से कोई खास लाभ देती हुई नजर नहीं आ रही है। केवल बड़े उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाने का कार्य यह सरकार कर रही है। ऐसे में यह बजट आम जनता के लिए कोई खास नहीं है। बसपा के जिलाध्यक्ष संग्राम भारती ने भी एनडीए सरकार के इस बजट को पूरी तरह खोखला बताते हुए कहा कि आम नागरिक बढ़ती महंगाई से परेशान हैं। लोगों को रोजगार मुहैया कराने में यह सरकार पूरी तरह से नाकाम रही तो वहीं स्किल डेवलपेमेंट के नाम पर सुनहरे सपने दिखाकर करोड़ों रुपए बड़े लोगों तक पहुंचाने का कार्य यह सरकार कर रही है।
Tags:
Hindi News
Jaunpur
Jaunpur Live
Jaunpur Live
News
jaunpur news
Jaunpur News in Hindi
Purvanchal News
recent
Uttar Pradesh News



