Jaunpur News : पड़ोसियों पर जमीन कब्जाने का आरोप, अधिकारियों से न्याय की गुहार | Naya Savera Network

  • रोजी रोटी के सिलसिले में बाहर रहते हैं बुजुर्ग विधवा महिला के दोनों पुत्र

नया सवेरा नेटवर्क

जौनपुर। जिले के मड़ियाहूं तहसील क्षेत्र अंतर्गत बरसठी के टिकरी बनकट गांव निवासी जड़ावती देवी गिरी पत्नी स्व. प्रेम नारायण गिरी नामक बुजुर्ग विधवा महिला ने जिलाधिकारी समेत उच्चाधिकारी को ईमेल के जरिए शिकायती पत्र भेजकर न्याय की गुहार लगाई है। पत्र के जरिए उन्होंने कहा कि उनकी जमीन को सरकारी जमीन बताकर सिपाहियों को गुमराह करके उसके पड़ोसी सुरेंद्र शिव प्यारे गिरी, राजेंद्र शिव प्यारे गिरी, देवी प्रसाद गिरी (ठेग़ई), अजय राजेंद्र गिरी, विजय राजेंद्र गिरी और राजेंद्र गिरी की पत्नी व बहू ने मिलकर महिला के घर के बगल में निजी जमीन पर खड्डा खोदकर जबरिया कब्जा कर लिया है।

महिला ने बताया कि उसके दो पुत्र हैं। दोनों रोजी रोटी के लिए मुंबई में रहते हैं। दोनों बेटे इन दबंगों से डरे होने के कारण गांव आने की हिम्मत भी नहीं कर पा रहे हैं क्योंकि यह दबंग इसके पहले महिला के बड़े पुत्र को अपने पूरे परिवार के साथ मिलकर पड़ोस के गड्ढे में धकेलकर मारने की कोशिश कर चुके हैं और अभी दो तीन दिन पहले पड़ोसी गांव में अपने दल-बल के साथ मारपीट भी कर चुके हैं।

महिला ने अधिकारियों से पत्र के जरिए कहा कि हमारी जमीन को दबंगों ने सरकारी जमीन बताकर पुलिस को भी गुमराह कर दिया था, पर बाद में लेखपाल ने जांच करके पुलिस को इसकी जानकारी दी है। अर्जी के बाद बरसठी के अधिकारी और लेखपाल इस जबरी कब्जे को निकालवाने के लिए अपनी टीम के साथ गए पर इन दबंगों ने इसकी जानकारी मिलते ही, मौके पर मजदूरों को डरा धमका कर भगा दिया। पुलिस, लेखपाल और महिला इन दबंगों के सामने लाचार हो गए और पुलिस बिना कब्जा निकलवाए ही लौट आई। दूसरे दिन पुनः मजदूर आए पर दबंगों ने गाली गलौज करनी शुरू कर दी, जिस कारण मजदूर दुबारा वापस चले गए। घटना को लगभग डेढ़ महीने हो गए हैं। कानूनी मदद से यह जबरिया कब्जा शायद हटा दिया जाए इसकी भनक लगते ही दबंग पड़ोसी मुंबई चले गए थे। अब दुबारा गांव आ गए हैं। इस कारण महिला जड़ावती डरी हुई है, क्योंकि जड़ावती देवी को डराया धमकाया जा रहा है। उच्चाधिकारियों से महिला ने न्याय की गुहार लगाई है।

Jaunpur News : पड़ोसियों पर जमीन कब्जाने का आरोप, अधिकारियों से न्याय की गुहार | Naya Savera Network












नया सबेरा का चैनल JOIN करें