NewDelhi News : भाजपा मुख्यालय पहुंचे सीएम मोदी, कार्यकर्ताओं ने किया शानदार स्वागत | Naya Savera Network
नया सवेरा नेटवर्क
नई दिल्ली। महाराष्ट्र में भाजपा-महायुति की अभूतपूर्व जीत के बाद शनिवार शाम को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी यहां पार्टी मुख्यालय पहुंचे। हर चुनावी जीत के बाद मोदी पार्टी के कार्यकर्ताओं को संबोधित करने पार्टी मुख्यालय पहुंचते हैं। शनिवार को जब वे पार्टी मुख्यालय पहुंचे तो वहां उनका भव्य स्वागत किया गया। इस मौके पर पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उनका स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के स्वागत में फूल बरसाए और जमकर ढोल नगाड़े बजाए गए।
उल्लेखनीय है कि महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव और उपचुनावों के उत्साहित, निर्णायक रुझान आने के बाद से भारतीय जनता पार्टी के मुख्यालय में जश्न का माहौल नजर आने लगा। शनिवार को दोपहर से ही मुख्यालय में मिठाइयां बांटने का दौर जारी रहा। मुख्यालय में ढोल नगाड़े के साथ जश्न का माहौल बना हुआ है। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पार्टी मुख्यालय में प्रधानमंत्री का स्वागत करने के लिए पहुंचे हैं। कार्यकर्ता खुशी में झूमते दिखाई दिए। इससे पहले दोपहर को मुख्यालय में जलेबियां भी बनाई और बांटी गई। इसके साथ शाम को भाजपा मुख्यालय से एक विजय रैली का भी आयोजन किया गया।