Jaunpur News : पिलकिछा घाट पर स्नान करते डूबने से युवक की मौत | Naya Savera Network
नया सवेरा नेटवर्क
खुटहन, जौनपुर। पिलकिछा घाट पर शुक्रवार को कार्तिक पूर्णिमा के पर्व पर नदी में स्नान करते समय युवक गहरे पानी में डूब गया। साथी स्नानार्थियों के शोर मचाने पर नाविकों ने उसकी तलाश शुरू किया। लगभग पौन घंटे बाद उसका शव नदी पर बने पुल के पाये के पास उतराया मिला। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को अंत्य परीक्षण के लिए भेज दिया। सम्मनपुर गांव निवासी 20 वर्षीय रितिक पुत्र राम चंदर सिंह बब्लू गांव के कुछ साथियों के साथ दोपहर में उक्त घाट पर स्नान करने गया था। वह साथियों संग नदी में नहा रहा था। तेज बहाव के चलते गहरे पानी में डूब गया। थोड़ी देर बाद जब साथियों ने उसे नहीं देखा तो घाट पर तलाशने लगे। उसके कपड़े वहीं पड़े देख वे डूब जाने की आशंका में शोर मचाने लगे। वहां मौजूद नाविकों ने पानी में उसकी तलाश शुरू कर दिया। लगभग पौन घंटे बाद उसका शव बीच नदी में पुल के पाये के पास उतराया मिला। आननफानन उसे उपचार के लिए सीएचसी बदलापुर ले जाया गया जहां देखते ही चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। रोते बिलखते स्वजन शव लेकर घर आ गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया। मृतक तीन भाइयों में सबसे छोटा था। वह स्नातक का छात्र था। बेटे का शव घर आते ही स्वजनों में कोहराम मच गया।