#JaunpurNews : सदस्यता अभियान को लेकर बैठक आयोजित | #NayaSaveraNetwork
- प्रत्येक को मिला 200 सदस्य बनाने का लक्ष्य
नया सवेरा नेटवर्क
जौनपुर। जिले में भाजपा के राष्ट्रीय सदस्यता अभियान को लेकर जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह के अध्यक्षता मे बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में नए सदस्य बनाने के लिए अपनाई जाने वाली प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही सबको 200 नए सदस्य बनाने का लक्ष्य भी दिया गया।
प्रदेश सह मीडिया प्रभारी धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता को सदस्यता अभियान को संगठन के महापर्व के रूप में मनाना है। पार्टी ने लोगों को सदस्य बनाने के लिए चार तरह की व्यवस्थाएं की हैं। इसमें ऑनलाइन, नमो एप, क्यूआर कोड और फार्म भरकर सदस्य बनाया जा सकता है। प्रत्येक बूथ अध्यक्ष को अपने वार्ड से 200 नए सदस्य बनाने का लक्ष्य दिया गया है।
राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी ने कहा कि भाजपा ही एकमात्र ऐसा संगठन है, जिसमें हरेक कार्यकर्ता को आगे बढ़ने का मौका मिलता है। केंद्र सरकार द्वारा किए जा रहे जनहित एवं लोक कल्याणकारी कार्यों की बदौलत आज संगठन विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन बना है। इस गौरव में जमीनी स्तर के हरेक कार्यकर्ता की अहम भूमिका है।
विधायक रमेश चंद्र मिश्र ने कहा कि हमारी पार्टी विश्व की सबसे बड़ी पार्टी तो है ही, अनूठी भी है। कोई राजनीतिक दल लोकतांत्रिक तरीके से विश्वास और सत्यतापूर्ण तरीके से हर छह वर्ष में सदस्यता अभियान नहीं करता है। हमें गर्व है कि हमने इस परंपरा को अक्षुण्ण रखा है। हमारी पार्टी में कार्यकर्ता सदस्यता का एक अंक नहीं, बल्कि जीवंत इकाई है, विचारधारा का वाहक है और कार्यसंस्कृति का पोषक है, वे सरकार-संगठन के बीच कड़ी का भी काम करते हैं, जो सरकार को हमेशा जनता से जोड़कर रखते हैं। इसी कारण सशक्त और समृद्ध भारत का सपना हमें चरितार्थ करना है।
एमएलसी बृजेश सिंह प्रिंसू ने कहा कि हमने हमेशा भारत माता की जय के नारे के साथ विरोधियों को ललकारा है। यह उत्साह हमें जीवंत संगठन से मिलता है। हमारा सदस्यता अभियान सर्वस्पर्शी और सर्वसमावेशी होना चाहिए। हर स्थान, वर्ग, जाति व मजहब के लोगों को पार्टी में समाहित करना है। विश्वास है कि इस बार भी 2014 की भांति हम दस करोड़ सदस्यता के लक्ष्य को पार करेंगे। विकसित भारत के संकल्प की सिद्धि का मार्ग भाजपा कार्यालय से होकर ही जाता है।
जिला प्रभारी अशोक चौरसिया ने कहा कि हम सब सौभाग्यशाली हैं कि हम सब दुनिया के सबसे बड़े राजनीतिक दल भारतीय जनता पार्टी के सदस्य के रूप में यहां सदस्यता ग्रहण कर रहे हैं। हम पहले से ही सदस्य हैं लेकिन पुनः साधारण सदस्य के रूप में सदस्यता ग्रहण कर रहे हैं। भारत के अंदर केवल भारतीय जनता पार्टी ही कैडर आधारित पार्टी है। यह पार्टी वर्तमान में पूरे देश में अपना सर्वव्यापी और समावेशी स्वरूप बनाने में सफल रही है।
जिला प्रभारी मछलीशहर संतोष पटेल ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता कह सकता है दल से बड़ा देश है आमजन में भारतीय जनता पार्टी के प्रति स्वतः स्फूर्त भाव से सम्मान है। वह भाजपा से जुड़ना चाहता है पर जब हम उस तक नहीं पहुंचते हैं तो उसे निराशा होती है। हम सब इस कार्यक्रम के साथ लगेंगे और साधारण सदस्य के साथ सक्रिय सदस्य भी बनाएंगे।
जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा का सदस्यता अभियान प्रारंभ हो चुका है। पहले चरण का अभियान 2 सितंबर से 25 सितंबर और दूसरे चरण का अभियान एक अक्तूबर से 15 अक्तूबर तक चलेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित पार्टी है। जनसंघ से लेकर भाजपा तक हमारे अभियान लगातार जारी हैं। लोग हमारी विचारधारा पर आरोप लगाते रहे पर हम आगे बढ़ते रहे। आज कश्मीर से कन्याकुमारी तक भाजपा का संगठन है। दक्षिण भारत में भी हमने अच्छा प्रदर्शन किया है और मजबूत ताकत बनकर उभरे हैं। इसके साथ ही भाजपा ने सदस्यता के लिए टोल फ्री नंबर 8800002024 और बारकोड जारी कर दिया है। इस नंबर पर मिस कॉल करके कोई भी भाजपा का सदस्य बन सकता है।
रामविलास पाल ने कहा कि आज हम लोगों की आकांक्षाओं को पूरा कर रहे हैं। भारत आज विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर बढ़ रहा है। हमने धारा 370, 35 ए और तीन तलाक जैसे विषयों पर काम किया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को लक्ष्य देते हुए कहा कि हमें प्रत्येक बूथ पर कम से कम 200 सदस्य बनाने हैं। कार्यक्रम का संचालन सुशील मिश्र ने की।
Tags:
Hindi News
Jaunpur
Jaunpur Live
Jaunpur Live News
jaunpur news
Jaunpur News in Hindi
Purvanchal News
recent
Uttar Pradesh News