जौनपुर। आम आदमी पार्टी ने नगर इकाई का गठन करते हुए समाजसेवी विनोद यादव को नगर अध्यक्ष बना दिया जिस पर उपस्थित लोगों ने माल्यार्पण करके जोरदार स्वागत किया। वहीं विनोद यादव के नेतृत्व में दर्जनों समर्थकों ने आम आदमी पार्टी की सदस्यता ग्रहण किया। जिलाध्यक्ष राम रतन विश्वकर्मा ने सदस्यता दिलाते हुए यह बताया कि विनोद यादव आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उत्तर प्रदेश के प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद संजय सिंह के विचारों से प्रभावित होकर आज पार्टी में सम्मिलित हो रहे हैं। उनके साथ उनके दर्जनों समर्थक भी पार्टी की सदस्यता ले रहे हैं। हम आप सभी का अपने परिवार में स्वागत करते हैं। साथ ही विनोद यादव को नगर अध्यक्ष का दायित्व प्रदान करते हुये निर्देशित किया गया कि वह अपनी नगर इकाई का गठन एक सप्ताह के भीतर कर लें।

वहीं नगर अध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण दायित्व मिलने पर लोगों का अभिवादन करते हुये विनोद यादव ने कहा कि पूरे देश में आम आदमी पार्टी ही एक ऐसी पार्टी है जो जाति और धर्म से ऊपर उठकर मुद्दों की राजनीति करती है। सामाजिक न्याय की स्थापना पर बल देती है तथा दलितों, पिछड़ो, अल्पसंख्यकों, वंचितों और शोषितों के साथ खड़ी होती है। दिल्ली और पंजाब में जिस तरह से आम आदमी पार्टी ने लोगों को फ्री बिजली, फ्री पानी, गरीबों के लिए अच्छे सरकारी स्कूल, मोहल्ला क्लीनिक, महिलाओं के लिए फ्री बस यात्रा, बुजुर्गों के लिए तीर्थ यात्रा, युवाओं के लिए रोजगार जैसे सफल कार्यक्रम चलाया है, उससे प्रभावित होकर मैं और मेरे समर्थक आज आम आदमी पार्टी परिवार का हिस्सा बन रहे हैं। इसी क्रम में पूर्व खंड पंचायत सदस्य तेज बहादुर यादव भी पंकज सिंह सहित अपने कई समर्थकों के साथ पार्टी की सदस्यता ग्रहण किये। इस दौरान पार्टी की सदस्यता लेने वालों में रामाश्रय मौर्य, ब्रजेश कश्यप, सतीश यादव, अभिषेक श्रीवास्तव, अजीत मौर्य, उदरेश यादव आदि प्रमुख रहे। यह जानकारी अतुल तिवारी ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी है। |
Ad |
 |
Ad
|