#JaunpurNews : तदर्थ शिक्षकों का वेतन भुगतान होने तक संघर्ष जारी रहेगा: रमेश सिंह | #NayaSaveraNetwork
नया सवेरा नेटवर्क
जौनपुर। वर्ष 2000 के पूर्व नियुक्त ऐसे तदर्थ शिक्षकों जिनके वेतन भुगतान हेतु माननीय उच्च न्यायालय द्वारा वेतन भुगतान के आदेश दिए गये हैं, लेकिन जि. वि. नि. कार्यालय की हठधर्मिता एवं विभाग की उदासीनता के कारण अभी तक वेतन भुगतान नहीं हो सका है और उनके वेतन भुगतान हेतु जो लड़ाई उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (ठकुराई गुट) लड़ रहा है के सम्बन्ध में निर्णायक मोड़ आ चुका है।
उक्त के संबंध में अवगत कराते हुए (ठकुराई गुट) के संरक्षक रमेश सिंह ने कहा कि संगठन इन तदर्थ शिक्षकों के वेतन भुगतान हेतु जि०वि०नि० पर न केवल दबाव बना रहा था बल्कि अपने पत्र दिनांक 31/05/2024 द्वारा एक सप्ताह के भीतर वेतन भुगतान न होने पर जि. वि. निः कार्यालय में ताला बंद करने की चेतावनी दी गई थी।
तदक्रम में तत्कालीन जि.वि. नि. अशोकनाथ तिवारी ने 01/06/2024 को शिक्षा निदेशक माध्यमिक को पत्र लिखकर वेतन भुगतान के संबंध में मार्गदर्शन माँगा था। पुनः संगठन द्वारा 06/06/2024 ई. को इस संबंध में जि.वि.नि. को न केवल पत्र लिखा गया बल्कि अगले दिन कार्यालय में ताला बंद करने की चेतावनी दी गई।
दिनांक 07/06/2004 को जि. वि.नि. अशोकनाथ तिवारी द्वारा ठकुराई गुट के जिलाध्यक्ष तेरस यादव को पत्र लिखकर अवगत कराया गया कि शिक्षा निदेशक महोदय से मार्गदर्शन माँगा गया है और मार्गदर्शन प्राप्त होते ही नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।
उ. प्र. माध्यमिक शिक्षक संघ (ठकुराई गुट) के दबाव में शिक्षा निदेशक ने अपने पत्र दिनांक 21/08/2024 द्वारा प्रदेश के सभी जिला विद्यालय निरीक्षकों को कार्यालय ज्ञाप जारी करते हुए निर्देशित किया गया है कि वे अपने स्तर से इस संबंध में नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करें जिससे कि न्यायिक अवमानना की स्थिति न बने।
प्रदेश संरक्षक (ठकुराई गुट) रमेश सिंह ने संगठन के जनपदीय पदाधिकारियों सहित तदर्थ शिक्षक साथियों का आह्वान किया है कि अब जि. वि. नि. से भुगतान करा के ही दम लेना है। आप सभी से अनुरोध है कि संघर्ष में ठकुराई गुट के साथ एकजुटता बनाए रखें जिससे कि तदर्थ शिक्षक साथियों का वेतन भुगतान सुनिश्चित कराया जा सके।
Tags:
Hindi News
Jaunpur
Jaunpur Live
Jaunpur Live News
jaunpur news
Jaunpur News in Hindi
Purvanchal News
recent
Uttar Pradesh News


