#JaunpurNews : जनसेवा केंद्र संचालक से लैपटॉप, मोबाइल और नकदी छीन भागे बदमाश | #NayaSaveraNetwork
नया सवेरा नेटवर्क
खुटहन, जौनपुर। हैदरपुर गांव में रविवार की देर रात सहज जनसेवा केंद्र संचालक को घर जाते समय बाइक सवार नकाबपोश तीन बदमाशों ने ओवरटेक कर असलहा से धमकाकर लैपटॉप, मोबाइल और डेढ़ हजार रुपए लूट लिया। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश जिस दिशा से आये थे उधर ही फरार हो गए। जाते जाते बदमाश पीड़ित के बाइक की चाबी भी साथ लेते गये। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस घंटों तक बदमाशों की सुरागशी में लगी रही। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने तीन अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूट का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
रूस्तमपुर गांव निवासी आशुतोष तिवारी गायत्री नगर डिहियां बाजार में वर्षों से सहज जनसेवा केंद्र चलाते हैं। रविवार की रात लगभग दस बजे दुकान बंद कर बाइक से घर जा रहे थे। अभी वह लगभग पांच सौ मीटर आगे सुनसान स्थल तक पहुंचे थे कि पीछे से एक बाइक पर सवार तीन नकाबपोश उन्हें ओवरटेक कर रोक लिए।
एक बदमाश उनके सिर के पीछे कोई लोहे का औजार सटाकर बोला कि यदि शोरगुल करोगे तो गोली मार दूंगा। दूसरा बदमाश लैपटॉप, मोबाइल और पर्स में रखा डेढ़ हजार रुपए छीन लिया। आशुतोष की बाइक की चाबी निकाल बदमाश पुनः गायत्री नगर बाजार की तरफ भाग गए। भुक्तभोगी आशुतोष तिवारी भाजपा के आईटी सेल के विधान सभा संयोजक के पद पर भी कार्यरत हैं। इस संबंध में क्षेत्राधिकारी शाहगंज अजीत सिंह चौहान ने बताया कि लूट की घटना की जानकारी मिली है। मुकदमा दर्ज कर बदमाशों की तलाश सरगर्मी से कराई जा रही है।
Tags:
Hindi News
Jaunpur
Jaunpur Live
Jaunpur Live News
jaunpur news
Jaunpur News in Hindi
Purvanchal News
recent
Uttar Pradesh News



