#AzamgarhNews: ठगी के 80 हजार रुपए बरामद | #NayaSaveraNetwork
- वीजा रिनुवल कराने के नाम पर हुई थी ठगी
नया सवेरा नेटवर्क
आजमगढ़। पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ हेमराज मीना के द्वारा साइबर क्राइम अपराधियों के विरूद्ध चलाये जा रहे अभियान के क्रम में नोडल अधिकारी साइबर क्राइम विवेक त्रिपाठी के मार्गदर्शन में साइबर सेल जनपद आजमगढ़ द्वारा कार्यवाही करते हुए विदेश में रह रहे दोस्त का वीजा रिनुवल कराने के नाम पर ठगी किए गए 80 हजार रुपए वापस कराये गये।
बताते हैं कि आवेदक मो सारीब जनपद आज़मगढ़ के थाना क्षेत्र निजामाबाद का रहने वाला है। आवेदक के फेसबुक पेज पर विदेश में नौकरी करने वाले उसके दोस्त के नाम की फेसबुक आईडी से मैसेज आया कि हमारा वीजा एक्सपायर हो गया है। मुझे इमिग्रेशनवालों ने पकड़ लिया है। मुझे तत्काल 80 हजार रुपया चाहिए जिसे देकर मैं अपना वीजा रिनुवल करा सकता हूं नहीं तो मुझे जेल भेज दिया जाएगा। मेरे पास बस 1 घंटा है। मुझे 80 हजार दे दो। मैं तुम्हे वापस कर दूँगा। इस पर आवेदक ने जल्दबाजी में फेसबुक के माध्यम से भेजे गए क्यूआर कोड पर स्कैन करके पैसे भेज दिया। उसके बाद जब आवेदक ने अपने दोस्त से आईएमओ ऐप पर वार्ता किया तो ज्ञात हुआ कि उसको वीजा सम्बन्धित कोई समस्या नहीं हुई थी। किसी ने फेक आईडी बनाकर बात किया है। दोस्त ने बताया कि तुम्हारे साथ साइबर फ्राड हो गया है।
घटना की सूचना आवेदक द्वारा साइबर सेल में दिया गया। साइबर सेल द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए आवेदक द्वारा भेजे गये पैसे के बेनिफिसरी खाते को ट्रैक करते हुए तत्काल संबंधित खाते की लेन-देन पर रोक लगवा दिया गया। जिसके पश्चात सम्बन्धित बैंक से सम्पर्क कर आवेदक का पूरा पैसा वापस कराया गया। बरामदगी टीम में मु. आ. ओमप्रकाश जायसवाल, मुकेश भारती, आरक्षी सतेन्द्र यादव, राहुल सिंह शामिल हैं।



