#UttarakhandNews : सेल्फी लेते समय पहाड़ से गिरने से महिला की मौत | #NayaSaveraNetwork
नया सवेरा नेटवर्क
पिथौरागढ़। जिले में मटेला क्षेत्र में बृहस्पतिवार को सेल्फी लेते समय एक महिला पहाड़ से नीचे खाई में गिर गयी जिससे उसकी मौत हो गयी। जिला आपदा नियंत्रण कक्ष ने यह जानकारी दी। जिला आपदा नियंत्रण कक्ष के अनुसार इस महिला की पहचान हरिद्वार जिले के रूड़की की रहने वाली सोनल पायल (37) के रूप में हुई है जो उस समय अपने पति के साथ थी। वह एक अस्पताल में ‘चीफ फार्मासिस्ट’थी। जिला आपदा नियंत्रण कक्ष के अनुसार, सेल्फी लेने के दौरान पायल का संतुलन बिगड़ गया और वह पहाड़ी से 100 मीटर नीचे खाई में जा गिरी एवं उसकी मौके पर ही मौत हो गयी। घटना से बदहवास उसका पति भी पहाड़ी से नीचे उतर गया लेकिन झाडियां अधिक होने के कारण वह उसे ढूंढ नहीं पाया और रास्ता भटक गया। बाद में राज्य आपदा प्रतिवादन बल ने रस्सी की सहायता से खाई में उतर कर शव को मुख्य सड़क तक पहुंचाया। महिला के पति को भी टीम ने ढूंढ कर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।