#NewDelhiNews: देश भर में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी, IMD ने जारी किया हीटवेव का अलर्ट | #NayaSaveraNetwork
नया सवेरा नेटवर्क
नई दिल्ली। देश में गर्मी का कहर जारी है। लद्दाख से लेकर झारखंड तक और उत्तर-पश्चिम भारत का एक बड़ा हिस्सा भीषण गर्मी का प्रकोप झेल रहा है और उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में अधिकतम तापमान 47.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इसी दौरान भारतीय मौसम विभाग ने कहा है कि महाराष्ट्र, ओडिशा, तटीय आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल और बिहार के कुछ हिस्सों में मानसून का असर दिखने की संभावना है और अगले 4 दिन में पहुंचने की संभावना है।
इसके साथ ही साथ IMD ने गर्मी को लेकर उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, चंडीगढ़, जम्मू, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, राजस्थान, बिहार और झारखंड में हीटवेव का अलर्ट जारी करके सावधानी बरतने की अपील की है। वहीं छत्तीसगढ़ में गर्मी के देखते हुए गर्मियों की छुट्टी 25 जून तक बढ़ा दी गई हैं। अब छत्तीसगढ़ में स्कूल 26 जून से खोलने का आदेश जारी किया गया।
मौसम कार्यालय ने कहा कि उत्तर प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश, झारखंड और बिहार में अधिकांश स्थानों पर अधिकतम तापमान सामान्य से काफी ऊपर (5.1 डिग्री सेल्सियस या अधिक) रहा। राष्ट्रीय राजधानी में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया जो सामान्य से सात डिग्री अधिक था। उत्तराखंड के देहरादून में अधिकतम तापमान 43.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो इस मौसम के सामान्य से 9.5 डिग्री अधिक है, जबकि हिमाचल प्रदेश के ऊना में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से 6.7 डिग्री सेल्सियस अधिक है। जम्मू-कश्मीर में कटरा में अधिकतम तापमान 40.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 5.7 डिग्री सेल्सियस अधिक है, जबकि जम्मू में पारा 44.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।