#MumbaiNews: मुंबई में मिली गर्मी से राहत, कई हिस्सों में हुई झमाझम बारिश | #NayaSaveraNetwork
नया सवेरा नेटवर्क
मुंबई। मुंबई के कई हिस्सों में बारिश होने की वजह से मौसम काफी सुहाना हो गया है। दो दिन के बाद शुक्रवार को अधिकांश हिस्सों में बारिश होने की वजह से लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली है। हालांकि शहर में जलभराव की स्थिति नहीं बनी। लोगों ने शानदार मौसम का आनंद उठाया।
नगर निगम के एक अधिकारी ने बताया कि गरज के साथ बारिश की शुरुआत हुई, लेकिन इससे शहर में कहीं भी बड़ी मात्रा में जलभराव की कोई खबर नहीं है। साथ ही रेलवे और बीईएसटी बस की सार्वजनिक परिवहन सेवाएं काफी हद तक सामान्य ही रहीं। हालांकि कुछ स्थानों से सेवाओं में कुछ देरी देखने मिली भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने जानकारी दी है कि अगले 24 घंटे में शहर और उपनगरों में बादल छाए रहेंगे, इसके साथ ही हल्की बारिश होने की भी संभावना है। मुंबई में मॉनसून अपनी तारीख 11 जून से दो दिन पहले नौ जून को दस्तक दे चुका है। हालांकि पिछले दो दिनों में यहां बारिश नहीं होने की वजह से मौसम उमस भरा रहा था। हालांकि शुक्रवार सुबह हुई बरसात ने लोगों को गर्मी से राहत दी है।
बता दें कि दो दिन पहले शहर में हुई बारिश से जलभराव की स्थिति पैदा हो गई थी। इस दौरान 150 एमएम से अधिक बरसात दर्ज की गई थी। जिसकी वजह से यातायात काफी प्रभावित हुआ। लोगों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ा। वहीं देश की राजधानी दिल्ली, बिहार, उत्तर प्रदेश के कई जिलों में लोग भीषण गर्मी से परेशान हैं। अब तक इन इलाकों में मानसून नहीं आया है, जिसकी वजह से गर्मी काफी बढ़ गई है। मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश में 15 जून तक लू चलने की जानकारी दी है। जबकि प्रदेश में 24 जून तक मानसून आने की संभावना है।