हर-हर महादेव... के जयकारे से गूंजे शिवालय | #NayaSaveraNetwork
- महाशिवरात्रि पर उमड़ा आस्था का सैलाब
- बेल पत्र, धतूरा, बेर व गन्ने से पूजे गए देवों के देव महादेव
- गाजे-बाजे के साथ निकली झांकी व शोभायात्रा
नया सवेरा नेटवर्क
जौनपुर। जिले में महाशिवरात्रि का पर्व बड़े ही धूमधाम के साथ मनाया गया। सुबह से जिले के विभिन्न मंदिरों में भगवान भोले का जलाभिषेक व दर्शन करने वालों का तांता लगा रहा। इस दौरान भक्त हर हर महादेव के नारे लगाकर माहौल को भक्तिमय कर दिया।
केराकत के सिहौली स्थित गोमतेश्वर महादेव मंदिर में भारी संख्या में लोगों ने पहुंच कर शिवलिंग पर जलाभिषेक, दूध, लावा, बैर, बेल पत्र आदि चढ़ाकर पूजा अर्चना किया। इसी प्रकार देवकली स्थित नागेश्वर महादेव मंदिर, हुरहुरी स्थित शिवमंदिर, शिवनगर स्थित शिव मंदिर में सुबह से पूजा अर्चना की धूम रही। इस अवसर पर तरियारी गांव से त्रिनेत्रा कांवरिया ग्रुप द्वारा शंकर भगवान, बजरंग बली, नंदी गाय व भूत प्रेत का एक झांकी निकाली गयी जो नयी बाजार होते हुए सिहौली गोमतेश्वर महादेव मंदिर पहुंच कर पूजा अर्चना के बाद संपंन हुई।
मड़ियाहूं नगर के प्राचीन कांवरिया संघ के तत्वावधान में भव्य शिव बारात की शोभायात्रा रामेश्वर महादेव मंदिर स्वामी विवेकानंद इंटर कालेज रामलीला मैदान पक्के तालाब से निकाली गई। बारात में विभिन्न प्रकार की आकर्षक झांकियां शामिल रही। शोभायात्रा नगर में ऊंट घोड़े लाग झाकी गाजे-बाजे व डीजे के साथ प्रारंभ होकर नगर भ्रमण करते हुए डाक बंगले से देर शाम श्री रामलीला मैदान गोला बाजार नीलकंठ महादेव देव मंदिर पर पूजा अर्चना कर समाप्त हुई। जहां विधि-विधान से शिव पार्वती विवाह कराया गया।
सिरकोनी क्षेत्र के विभिन्न शिव मंदिरों पर शिवरात्रि के पर्व आस्था का जनसैलाब उमड़ा। भोर से ही मंदिरों पर दर्शनार्थियों की भीड़ पहुंचना शुरू हो गयी थी। चारों तरफ डीजे पर भगवान शंकर मां पार्वती के गानों तथा हर-हर महादेव के जयघोष से माहौल भक्तिमय बना रहा। कई स्थानों पर भगवान शंकर तथा माँ पार्वती की झांकी भी निकाली गयी।
सुजानगंज क्षेत्र के श्री गौरीशंकर मंदिर पर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। लाखों श्रद्धालुओं ने गौरीशंकर मंदिर में मत्था टेका। भोर से ही दर्शनार्थी कतार में लग गए। हाथों में जल, पुष्प, बेलपत्र, दूध, अक्षत लेकर भगवान शिव को अर्पित किया। हर हर महादेव जय भोलेनाथ के नारों से पूरा मंदिर गुंजायमान हो रहा था।
देवों के देव महादेव त्रिपुरारी शंकर की नगरी त्रिलोचन महादेव मंदिर पर शिवरात्रि के दिन भोर से ही शिव भक्तों का रेला उमड़ा रहा। हर हर महादेव के गगनभेदी नारों से पूरा मंदिर गूंजायमान रहा। श्रद्धालु शिव भक्तों ने भोर से ही लाइन में लगकर बेलपत्र धतूरा गन्ना अक्षत रोली धूप अगरबत्ती दूध आदि लेकर पूरे विधि विधान के साथ पूजन अर्चन कर जलाभिषेक किया। सुरक्षा की दृष्टि से कई थानों की पुलिस बल एवं पीएसी तथा महिला कांस्टेबल की व्यवस्था की गई थी। इसके आलावा ग्रामीण क्षेत्रों के शिव मंदिरों पर भी शिवभक्तों ने जलाभिषेक किया और जगह-जगह ओम नम: शिवाय का जाप करके भण्डारे का आयोजन किया।