जौनपुर : 10 हजार रुपए करोड़ की लागत से बनेंगी सड़कें | #NayaSaveraNetwork
- लोकसभा चुनाव के ठीक पहले मोदी सरकार ने खोला पिटारा
- यूपी में करेंगे 5 लाख करोड़ रुपए का काम : गडकरी
नया सवेरा नेटवर्क
जौनपुर। लोकसभा चुनाव के ठीक पहले मोदी सरकार के मंत्री ने जौनपुर समेत उत्तर प्रदेश के लिए केंद्र सरकार का पिटारा खोल दिया। केंद्रीय परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने शुक्रवार को जिले में 10 हजार करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 10 परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि 2014 में नरेंद्र मोदी जब प्रधानमंत्री बने थे, तो उस समय उत्तर प्रदेश में राष्ट्रीय राजमार्गों की लंबाई 7343 किमी थी, 2024 में यह लंबाई 13,000 किमी हो गई है। उन्होंने कहा कि 2024-25 में हम उत्तर प्रदेश में 5 लाख करोड़ रुपए का काम पूरा करेंगे।
केंद्रीय मंत्री शुक्रवार को जौनपुर के बीआरपी इंटर कॉलेज के मैदान में आयोजित एक समारोह में जौनपुर जिले में 10 हजार करोड़ से अधिक रुपए की लागत की 19 परियोजनाओं का शिलान्यास करने के बाद जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि 2 लाख करोड़ के एक्सप्रेस हाईवे कोरिडोर है। 2014 से 24 तक एक लाख करोड़ खर्च कर कार्य पूर्ण हुए हैं। 41 हजार करोड़ से उत्तर प्रदेश में रिंग रोड व 40 बाईपास का निर्माण करेंगे। उन्होंने कहा कि जौनपुर में 10 हजार करोड़ की परियोजना का शिलान्यास करने पर बहुत खुशी हो रही है। करीब दो हजार करोड़ से कार्य स्वीकृत हुआ है, जिसमें शाहगंज में बाईपास बनने से जौनपुर से अयोध्या की दूरी 2 घंटे की हो जायेगी। जौनपुर से आज़मगढ़, फूलपुर होकर प्रयागराज बाईपास का कार्य हो जाने पर दूरी कम हो जाएगी। मुंगराबादशाहपुर में मार्च 2024 तक बाई पास का कार्य पूर्ण हो जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी ने मुंगरा के अन्दर वर्तमान सड़क की मांग किया है। वह दोनों किनारों पर स्ट्रीट लाईट लगाकर बनाया जायेगा। राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने पॉलिटेक्निक चौराहे से दक्षिण बने ओवर ब्रिज के पास से सर्विस रोड की मांग किया है, इसके लिए मैं घोषणा करता हूं कि सर्विस रोड बनेगी। उन्होंने कहा कि अयोध्या में 84 कोस परिक्रमा करने वालो के लिए भी सात्विक भोजन, ठहरने की व्यव्स्था होगी। उन्होंने कहा कि 1100 किमी की परियोजना जो सारनाथ, श्रावस्ती, कौशांबी तक जाती है। उसका भी कार्य होगा। गोरखपुर ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस वे कानपुर से ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस वे का कार्य भी होगा, तब कानपुर से लखनऊ की दूरी आधे घंटे में तय होगी।
उन्होंने कहा कि हम विश्व की तीसरी इकोनॉमी बने, ट्रांसपोर्ट मंत्री होने के नाते हमने यह तय किया था कि किसान हमारा सिर्फ अन्नदाता नहीं बल्कि ऊर्जा दाता और हवाई इंजन दाता बनने जा रहा है। मेरी गाड़ी इथेनॉल से च्लती है जो किसानों के तैयार किए एथनॉल से च्लती है। उन्होंने कहा कि किसान कर्ज मुक्त होना चाहिए, उनको फसलों का उचित मूल्य मिलना चाहिए। स्मार्ट सिटी ही नहीं बल्कि स्मार्ट गांव भी होना चाहिए। जौनपुर भी अब मुंबई जैसा बनने जा रहा है। आप लोग यहां उद्योग लगाए।
इस अवसर पर प्रदेश के परिवहन राज्य मंत्री दयाशंकर सिंह, प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार गिरीश चंद्र यादव, राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी, बदलापुर के विधायक रमेश चन्द्र मिश्र, शाहगंज के विधायक रमेश सिंह, मड़ियाहूं के विधायक डॉक्टर आरके पटेल, सदस्य परिषद बृजेश सिंह प्रिंशू, पूर्व विधायक सुरेंद्र प्रताप सिंह और जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह सहित अनेक लोग मौजूद रहे।
10000 करोड़ की लागत से इन 10 राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का हुआ शिलान्यास
रु. 1895 करोड़ की लागत से 28 किमी लंबे राष्ट्रीय राजमार्ग-135 ए गोमती नदी पर पुल सहित एन.एच.-31 के टोल प्लाजा से पूर्वांचल विश्वविद्यालय तक जौनपुर शहर के पूर्व दिशा में बाईपास का निर्माण।
1512 करोड़ रु. की लागत से 31 किमी लंबे राष्ट्रीय राजमार्ग 135ए खेतासराय-शाहगंज ग्रीनफील्ड बाईपास सहित पूर्वांचल विश्वविद्यालय से शाहगंज तक 4 लेन निर्माण।
1653 करोड़ रु. की लागत से 45 किमी लंबे राष्ट्रीय राजमार्ग 135ए शाहगंज-कलान-मालीपुर-अकबरपुर खण्ड का 4 लेन चौड़ीकरण एवं अकबरपुर बाईपास का निर्माण।
438 करोड़ रु. की लागत से 7 किमी लंबे राष्ट्रीय राजमार्ग 135ए मड़ियाहूं शहर के पश्चिम में नये 4 लेन ग्रीनफील्ड बाईपास का निर्माण।
99 करोड़ रु. की लागत से 5 किमी लंबे राष्ट्रीय राजमार्ग 128ए जौनपुर शहर में लता मंगेशकर तिराहे से प्रसाद इस्टीट्यूशन तक 4 अंडरपास सहित 4 लेन निर्माण।
1000 करोड़ रु. की लागत से 19 किमी लंबे राष्ट्रीय राजमार्ग 31 पूर्वांचल विश्वविद्यालय से जौनपुर-प्रयागराज मार्ग तक जौनपुर शहर के पश्चिम में बाईपास का निर्माण।
1386 करोड़ रु. की लागत से 19 किमी लम्बाई आजमगढ़ बाईपास (पैकेज-4) का निर्माण।
863 करोड़ रु. की लागत से 17 किमी लंबे राष्ट्रीय राजमार्ग 319डी प्रयागराज से फूलपुर तक 4 लेन सड़क एवं फूलपुर बाईपास का निर्माण।
1013 करोड़ रु. की लागत से 23 किमी लंबे राष्ट्रीय राजमार्ग 319डी मुंगराबादशाहपुर बाईपास सहित फूलपुर-मुंगराबादशाहपुर तक 4-लेन का निर्माण।
18 करोड़ रु. की लागत से 11 किमी लंबे राष्ट्रीय राजमार्ग 319डी फूलपुर-मुंगराबादशाहपुर मौजूदा सड़क खण्ड के रख-रखाव का शिलान्यास केंद्रीय मंत्री के द्वारा किया गया।