विनेश फोगाट ने राष्ट्रीय कुश्ती चैंपियनशिप में जीता स्वर्ण पदक | #NayaSaveraNetwork
नया सवेरा नेटवर्क
जयपुर। दो बार की विश्व चैंपियनशिप की कांस्य पदक विजेता विनेश फोगाट ने 16 महीने के लंबे अंतराल के बाद मैट पर वापसी करते हुए रविवार को राष्ट्रीय कुश्ती चैंपियनशिप में महिलाओं की 55 किग्रा फ्रीस्टाइल स्पर्धा में ज्योति को हरा कर स्वर्ण पदक जीता। यहां हुए 55 किग्रा वर्ग के मुकाबले में विनेश फोगाट ने ज्योति को हराने में दो मिनट से भी कम समय लिया।
विनेश ने पिछले वर्ष अगस्त में घुटने की सर्जरी कराई थी और उसके बाद दिसंबर में ही ट्रेनिंग पर वापस लौट आईं थी। वहीं एक अन्य मुकाबले में 2021 विश्व चैंपियनशिप और 2022 राष्ट्रमंडल खेलों की रजत पदक विजेता अंशू मलिक ने महिलाओं के 59 किग्रा वर्ग के खिताब पर कब्जा किया। उन्होंने चार बार की एशियाई पदक विजेता सरिता मोर को 8-3 से हराया। 2010 एशियाई चैंपियनशिप और राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक जीतने वाली निर्मला ने 50 किग्रा वर्ग का खिताब हासिल करने के लिए अंडर -23 एशियाई चैंपियन नीलम को हराया।