जौनपुर में पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा में करने जा रहे थे खेला, पुलिस ने कर दिया फेल | #NayaSaveraNetwork
- 5 अभियुक्तों की हुई गिरफ्तारी, एक अब भी फरार, सभी जौनपुर के निवासी
नया सवेरा नेटवर्क
जौनपुर। पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा को नकल विहीन कराने के लिए पुलिस टीम सक्रिय थी। इस बीच पुलिस टीम को एक बड़ी सफलता हाथ लगी। टीम ने अभ्यर्थियों को परीक्षा पास कराने का झांसा देकर वसूली करने वाले गैंग का पर्दाफाश किया। मुखबीर की सूचना पर पुलिस टीम ने 5 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपी जौनपुर के ही मूल निवासी हैं। गिरफ्तार अभियुक्तों में अनुराग सिंह पुत्र अंश कुमार सिंह, मनीष सिंह पुत्र ज्ञान कुमार सिंह निवासी थलोई थाना मछलीशहर, मयंक सिंह पुत्र श्याम सुन्दर सिंह निवासी खागोपुर थाना मछलीशहर (अभ्यर्थी), अभिषेक सिंह पुत्र अंश कुमार सिंह निवासी थलोई थाना मछलीशहर (अभ्यर्थी) और सुरज कुमार पुत्र भवरनाथ निवासी नोरपुर थाना मछलीशहर जौनपुर (ड्राइवर) शामिल हैं।
गिरफ्तार अभियुक्तों द्वारा बताया गया कि आलोक यादव निवासी सिंगरामऊ गिरोह का सरगना है। अनुराग सिंह व मनीष सिंह लड़कों को परीक्षा पास कराने के लिये उपलब्ध कराते हैं तथा पैसे का लेनदेन पेटीएम, चेक व अन्य माध्यम से तथा प्रवेश पत्र, मार्कशीट अन्य कागजात को लड़कों से लेकर इकठ्ठा करते हैं तथा आलोक यादव को उपलब्ध कराते हैं। आलोक यादव फरार हैं। उसकी तलाश के लिए पुलिस टीम द्वारा दबिश दी जा रही है। पुलिस टीम ने 4 प्रवेश पत्र, 6 मोबाइल, 2 चेक बुक, 1 क्रास चेक व एक स्कार्पियो गाड़ी बरामद किया है।