जौनपुर: स्वामी रामभद्राचार्य के गांव में मनाया जाएगा भव्य रामोत्सव | #NayaSaveraNetwork
नया सवेरा नेटवर्क
अयोध्या में मनाया जा रहा गुरु जी का 75 वां जन्मदिवस
सुजानगंज जौनपुर। पद्मविभूषण जगतगुरु स्वामी रामभद्राचार्य के गांव शचीपुरम में रामोत्सव बड़े धूम धाम से मनाया जायेगा। राम मंदिर निर्माण में स्वामी रामभद्राचार्य का सहयोग असाधारण है। उन्होंने राम मंदिर निर्माण पक्ष में अदालत में जाकर तीन न्यायाधीश के समक्ष प्रस्तुत होकर जो तथ्य पेश किए न्यायालय उसे मानने को मजबूर हो गया। कुछ महीने पूर्व जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चित्रकूट में गुरु जी से मिलने गए तो खुद उन्होंने कहा कि गुरु जी के सहयोग को भुलाया नहीं जा सकता और आज आपके संघर्षों का परिणाम है कि मंदिर बन रहा है। गुरु जी का जन्मदिन 14 जनवरी को है और यह 75वां जन्मदिवस है जो अमृत महोत्सव के तौर पर मनाया जा रहा है। गुरु जी के जन्मदिन पर अयोध्या में 1008 कुंडीय हनुमान महायज्ञ का आयोजन किया गया है। यह कार्यक्रम 14 जनवरी से 22 जनवरी तक चलेगा। गुरुजी के जन्मोत्सव में 14 जनवरी को 75 हजार दीपों से अमृत महोत्सव का चित्रण, 75 निदयों के जल एवं 75 तीर्थों के रज से गुरु जी का अभिषेक किया जाएगा। इसमें देश की राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, गृहमंत्री समेत देश की तमाम हस्तियां मौजूद रहेंगी। गुरु जी के गांव शचीपुरम निवासी एसपी मिश्र ने बताया कि गुरु जी का जन्मदिन हम सभी धूम धाम से मनाएंगे। रामोत्सव के लिए पूरा गांव तैयार है।



