प्रयागराज: मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर शुरू हुई तैयारी | #NayaSaveraNetwork
नया सवेरा नेटवर्क
प्रयागराज। 27 दिसंबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रयागराज आगमन की संभावना को देखते हुए शहर में तैयारी शुरू हो गई है। अफसरों ने मुख्यमंत्री के संभावित कार्यक्रम स्थलों का दौरा शुरू कर दिया है। नगर आयुक्त चंद्र मोहन गर्ग ने गुरुवार को यमुना किनारे त्रिवेणी दर्शन से नागवासुकि मंदिर तक घाट, मार्ग, सफाई आदि देखी। नगर आयुक्त ने त्रिवेणी दर्शन के सामने व आसपास घाट पर मिट्टी हटाने, यमुना बैंक रोड के टूटे डिवाइडर की मरम्मत और पेंटिंग करने का निर्देश दिया है। इसी मार्ग पर मलिन बस्ती से पानी निकासी का इंतजाम करने के लिए भी कहा है।
त्रिवेणी दर्शन से नागवासुकि तक निरीक्षण में कहीं मिट्टी तो कहीं कूड़े का ढेर दिखाई पड़ा। नगर निगम के अधिकारियों को मिट्टी और कूड़ा तत्काल हटाने का निर्देश दिया गया है।निरीक्षण के पहले नगर आयुक्त ने सुबह मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर विभागीय अधिकारियों के साथ नगर निगम में बैठक की। बैठक में जोनल अधिकारी और नगर स्वास्थ्य अधिकारी को शहर की व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए कहा है। मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों ने भी संगम क्षेत्र का निरीक्षण शुरू किया है।