मराठी अभिनेता रवींद्र बेर्डे का निधन, 78 साल की उम्र में ली आखिरी सांस | #NayaSaveraNetwork
मुंबई। मराठी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता रवींद्र बेर्डे का निधन हो गया है। वो 78 साल के थे। उन्होंने अपनी बेहतरीन अदाकारी से मराठी सिनेमा में अपनी अलग पहचान बनाई है। रवीन्द्र बेर्डे की एक और पहचान यह है कि वे लक्ष्मीकांत बेर्डे के सगे भाई थे। उन्होंने लक्ष्मीकांत बेर्डे के साथ भी कई फिल्मों में काम किया है। रवींद्र बेर्डे कई वर्षों से गले के कैंसर से पीड़ित थे।
कुछ महीनों से उनका इलाज टाटा अस्पताल में चल रहा था। दो दिन पहले उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल गई थी। घर लौटने के बाद उन्हें अचानक दिल का दौरा पड़ा और उनकी मृत्यु हो गई। उन्होंने 1965 में बीस साल की उम्र में मंच पर पदार्पण किया। उन्होंने 300 से ज्यादा मराठी फिल्मों में अपनी एक्टिंग से लोगों का दिल जीता है। उनके निधन से मराठी फिल्म इंडस्ट्री में शोक फैल गया है। रवींद्र बेर्डे के परिवार में उनकी पत्नी, दो बच्चे, बहू और पोते-पोतियां हैं। फैंस सोशल मीडिया के जरिए अपनी संवेदनाएं व्यक्त कर रहे हैं।